नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी की मुश्किलें खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। लगभग हर सप्ताह पार्टी से जुड़ा कोई न कोई नया विवाद सामने आ ही जाता है। ताजा मामले में पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान को बुधवार को यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके रिश्तेदार की पत्नी ने उनके खिलाफ यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘हमने आज खान को गिरफ्तार कर लिया। उनके रिश्तेदार की पत्नी की शिकायत मिलने के बाद हमने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था।’
पढ़ें: AAP ने किया MLA अमानतुल्लाह का बचाव, इस्तीफा नामंजूर
दक्षिण दिल्ली के ओखला क्षेत्र से विधायक खान ने ट्विटर पर लिखा, ‘यहां सरिता विहार में डीसीपी के कार्यालय में सामान्य बातचीत के लिए आया था। लेकिन, उन्होंने मुझे गिरफ्तार कर लिया।’ महिला की शिकायत के बाद खान के खिलाफ 10 सितम्बर को दक्षिण दिल्ली के जामिया नगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने खान पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया था। खान ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि उनका 'महिला के साथ कोई संबंध नहीं है।'
AAP नेता के ऊपर धारा 354 (शील भंग करने के इरादे के साथ महिला पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग), 509 (महिला के शील का अपमान करने के इरादे से शब्दों, भंगिमाओं का प्रयोग या कृत्य), 506 (आपराधिक धमकी), 498-ए (महिला के पति के रिश्तेदार द्वारा क्रूरता) और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज किया गया है। खान रविवार को जामिया नगर पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण करने गए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने से इनकार कर दिया था।