जामनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सतर्कता की वजह से आज जामनगर में एक बड़ा हादसा टल गया। प्रधानमंत्री ने सुआनी वाटर प्रोजेक्ट उद्घाटन के बाद डैम के डाउन स्ट्रीम में खड़े कैमरापर्सन्स को अलर्ट किया और तुरंत वहां से हटने को कहा जो कि अपनी ओर तेज रफ्तार से बढ़ते डैम के पानी से अनजान थे। इस तरह प्रधानमंत्री ने अपनी सतर्कता से कई कैमरापर्सन्स की जान बचा ली वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।
उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने बताया कि सुआनी वाटर प्रोजेक्ट का उद्घाटन करने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मौके का मुआयना कर रहे थे। वे एजेआई-3 डैम से पानी रिलीज करने के लिए बटन दबाने के बाद पानी के प्रवाह को देखने लगे। इसी बीच प्रधानमंत्री ने नोटिस किया कि डैम के डाउन स्ट्रीम में मीडिया का जमावड़ा है। वहां पर बड़ी संख्या में कैमरापर्सन खड़े होकर फोटो लेने में मशगूल थे।
डैम से पानी रिलीज होने के बाद पूरी रफ्तार से डाउनस्ट्रीम में कैमरापर्सन्स की ओर बढ़ रहा था। लेकिन फोटो लेने में मशगूल कैमरापर्सन इस बात से अनजान थे कि एक बड़ा सैलाब उनकी ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने तुरंत ताली बजाकर कैमरापर्सन्स का ध्यान अपनी ओर खींचा और उन्हें आनेवाले खतरे से अवगत कराते हुए तुरंत हटने को कहा।
प्रधानमंत्री के इशारों से कैमरापर्सन्स को भी खतरे का अहसास हुआ और वे तुरंत वहां से हट गए। अगर कुछ क्षणों की और देर होती तो पानी का सैलाब उन्हें बहा ले जाता।उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री ने समय रहते कैमरापर्सन्स को अलर्ट नहीं किया होता तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।