बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय की एक अदालत ने वर्ष 2006 के चेक बाउंस के एक मामले में ब्रिटेन चले गए कारोबारी विजय माल्या सहित दो के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने का निर्देश दिया। जिला के बरौनी थाना अंतर्गत तिलरथ गांव निवासी ठेकेदार रंजन कुमार ने माल्या की कंपनी यूबीआई द्वारा केबुल तार बिछाने का एक करोड 25 लाख रूपये का काम करवाया था जिसके एवज में कंपनी द्वारा उन्हें मात्र 25 लाख रूपये का एक चेक दिया गया जो बाउंस कर गया।
प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अमित आनंद ने विजय माल्या और प्रोजेक्ट मैनेजर दीपक पाल के खिलाफ मामले की सुनवाई करते हुए दोनों की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी करने का निर्देश दिया। अदालत द्वारा इन दोनों के खिलाफ पूर्व में कई सम्मन जारी किए गए पर वे हाजिर नहीं हुए थे।
माल्या भारत छोड़कर ब्रिटेन चले गए हैं और उन पर बैंकों का 9400 करोड़ रपये से अधिक का कर्ज है।