नई दिल्ली: कॉरपोरेट मामलों के पूर्व महानिदेशक बी.के. बंसल ने बेटे के साथ सुसाइड कर लिया है। मधु विहार के नीलकंठ अपार्टमेंट में उनका और उनके बेटे का शव मिला है। बी.के बंसल पर दवा कंपनी से 9 लाख रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगा था। CBI ने 16 जुलाई को गिरफ्तार किया था और वे इस आरोप में जेल भी जा चुके थे।
बंसल की गिरफ्तारी के बाद पत्नी और बेटी ने भी 19 जुलाई को ख़ुदकुशी कर ली थी। लगभग दो माह पहले ही बंसल की पत्नी और बेटी ने नीलकंठ अपार्टमेंट्स स्थित अपने आवास पर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। दोनों ने अलग-अलग सुसाइड नोट छोड़े थे, जिनमें कहा गया था कि सीबीआई की छापेमारी से भारी बदनामी हुई है और वे इसके बाद जीना नहीं चाहतीं। हालांकि उन्होंने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया था।
इस मामले के सिलसिले में सीबीआई ने आठ स्थानों पर छापेमारी की थी। एजेंसी ने इस छापेमारी के दौरान नकदी बरामद करने का दावा किया था।
बंसल को बाद में गिरफ्तार किया गया था लेकिन फिर जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
कहा जा रहा है कि वे पत्नी और बेटी की मौत से काफी दुखी थे।