नई दिल्ली: सरकार ने शुक्रवार को बताया कि पिछले 6 दशकों में देश में अनाजों के उत्पादन में 5 गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कृषि राज्य मंत्री सुदर्शन भगत ने के. आर. अर्जुनन और ए. के. सेल्वाराज के प्रश्न के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
भगत ने बताया कि भारतीय कृषि वैज्ञानिकों की बेहतरीन कोशिशों के चलते खाद्यान्नों का उत्पादन जो 1950-51 में 5.08 करोड़ टन था, वह 2013-14 में 5 गुना बढ़कर 26.50 करोड़ टन हो गया। उन्होंने बताया कि खाद्यान्न उत्पादन के अंतर्गत क्षेत्र जो 1950-51 में 9.73 करोड़ हेक्टेयर था, वह 2010-11 में 12.66 करोड़ हेक्टेयर हो गया।
भगत ने बताया कि अब तक राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान प्रणाली (NRS) ने खाद्यान्न फसलों में ऊंची उपज देने वाली 3,000 से ज्यादा किस्में (HYV) विकसित की हैं। इन अधिक उपज देने वाली किस्मों ने स्थानीय कृषि किस्मों का लगभग स्थान ले लिया है तथा क्षेत्र एवं उत्पादन में बढ़ोतरी करने में प्रमुख निभाई है।