1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ठंड की चपेट में हैं उत्तर भारत, घने कोहरे से गयी 5 की जान

ठंड की चपेट में हैं उत्तर भारत, घने कोहरे से गयी 5 की जान

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 14, 2016 09:51 pm IST,  Updated : Dec 14, 2016 09:51 pm IST

नई दिल्ली: उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में आज भी घना कोहरा छाया रहा और पंजाब और हरियाणा में कम दृश्यता के कारण हुई अलग-अलग दुर्घटनाओं में आज 5 लोगो की मौत हो गयी। वहीं

winter- India TV Hindi
winter

नई दिल्ली: उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में आज भी घना कोहरा छाया रहा और पंजाब और हरियाणा में कम दृश्यता के कारण हुई अलग-अलग दुर्घटनाओं में आज 5 लोगो की मौत हो गयी। वहीं कश्मीर संभाग में तापमान शून्य से नीचे रहा। राष्ट्रीय राजधानी आज सुबह कोहरे की चपेट में रही, जिस कारण 22 रेलगाडि़यों को रद्द करना पड़ा। शहर में न्यूनतम पारा 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं अधिकतम पारा 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कोहरे के कारण रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। हालांकि आईजीआई हवाईअड्डे पर उड़ान सेवाएं सामान्य रहीं। पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है और कम दृश्यता के कारण अलग-अलग दुर्घटनाओं में कॉलेज के तीन छात्रों समेत पांच लोगों की मौत हो गयी।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोहरे के कारण चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, करनाल, पानीपत, गुरग्राम और फरीदाबाद समेत दोनों राज्यों के कई स्थानों पर दृश्यता में कमी आयी है। साथ ही रेल, सड़क और विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

इसी बीच कश्मीर संभाग में तापमान शून्य से नीचे है। लद्दाख के लेह में सबसे अधिक ठंड दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 10.9 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, वहीं लद्दाख के ही कारगिल शहर में न्यूनतम पारा शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। राजस्थान में माउंट आबू सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम पारा छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सूबे की राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 26.7 और न्यूनतम पारा 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार में भी शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। राजधानी पटना में न्यूनतम पारा 9.6 और अधिकतम पारा 17.9 डिग्री सेल्सियस रहा। कोहरे के कारण पूर्व मध्य रेलवे की कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत