संभल (उप्र): सनातन धर्म महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि ने आज एक विवादित बयान देते हुए कहा कि हर हिन्दू 8 बच्चे पैदा करे ताकि वह हिन्दुत्व की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे सके।
लखुपुरा में आयोजित सन्त समागम और विशाल हिन्दू सम्मेलन में गिरि ने कहा, वर्तमान समय में हिंदुत्व खतरे में है। इसकी रक्षा करना हर हिन्दू का कर्तव्य है। इसके लिए हर हिन्दू आठ बच्चे पैदा करे ताकि वह समाज व हिंदुत्व की रक्षा में अपना योगदान दे सके।
गिरि ने कहा कि समय की मांग के अनुसार हिन्दू समाज को हम दो हमारे आठ का पालन करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज की रक्षा के लिए हिन्दू रक्षा दल का गठन हुआ है। यह संगठन पूरे देश में खड़ा किया जाएगा।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि योगी मुख्यमंत्री के रूप में नया इतिहास लिखेंगे। इसका उदाहरण उन्होंने गोहत्या पर प्रतिबंध लगा कर दे दिया है। साथ ही कहा कि नरेंद्र मोदी अब तक के सबसे अच्छे प्रधानमंत्री साबित हुए हैं।