1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चक्रवाती तूफान 'वरदा' ने तमिलनाडु में मचाई भारी तबाही, चार लोगों की मौत

चक्रवाती तूफान 'वरदा' ने तमिलनाडु में मचाई भारी तबाही, चार लोगों की मौत

 Written By: India TV News Desk
 Published : Dec 12, 2016 04:19 pm IST,  Updated : Dec 12, 2016 09:43 pm IST

चेन्नई: तमिलनाडु में चक्रवाती तूफान 'वरदा' ने दस्तक दे दी है जिसके साथ ही तेज हवाएं चल रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, तेज हवाओं और बारिश का दौर लगभग चार घंटे तक जारी रहेगा। तूफान

vardah cyclone- India TV Hindi
vardah cyclone

चेन्नई: तमिलनाडु में चक्रवाती तूफान 'वरदा' ने दस्तक दे दी है जिसके साथ ही तेज हवाएं चल रही हैं। तेज गति की हवाओं और भारी बारिश के साथ महानगर और उत्तरी तमिलनाडु के तटीय जिलों में आज भीषण चक्रवाती तूफान वरदा पहुंचा जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई। तूफान के कारण सैकड़ों वृक्ष उखड़ गए, हवाई और भूतल परिवहन बाधित हो गया और सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, तेज हवाओं और बारिश का दौर लगभग चार घंटे तक जारी रहेगा।

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

तेज हवाओं से कई जगहों पर पेड़ उखड़े

तमिलनाडु सरकार ने कहा कि 7,350 से अधिक लोगों को चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लुर और विलापुरम जिलों के 54 राहत शिविरों में स्थानांतरित किया गया है। चेन्नई नगरपालिका को पेड़ गिरने की 130 से अधिक शिकायतें मिली हैं। रेलवे ने कई उपनगरीय रेल सेवाएं रद्द कर दी हैं और लंबी दूरी की रेलगाड़ियों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। तूफान के मद्देनजर उड़ान सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

Also read:

'वरदा' के कारण 20 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित, 5 रद्द

चेन्नई हवाईअड्डे के निदेशक दीपक शास्त्री ने बताया, "हवा की रफ्तार 50 नॉट है जो उड़ान सेवाओं के लिए अनुकूल नहीं है। 20 उड़ान सेवाओं को मार्ग परिवर्तित किया गया है, नौ उड़ान सेवाएं देरी से चल रही हैं और पांच को रद्द कर दिया गया है।" उन्होंने कहा कि चेन्नई आने वाली उड़ान सेवाओं को बेंगलुरू और कोयंबटुर भेजा जा रहा है। तेज हवाओं का दौर शाम तक जारी रहेगा। शास्त्री ने बताया कि हालांकि, हवाईअड्डे को बंद नहीं किया गया है।

अगले 36 घंटे तक भारी बारीश का अनुमान

मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे यानी बुधवार तक दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तर तटीय तमिलनाडु और पुडुच्चेरी में बारिश का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर बारिश भारी से और भारी (सात से 19 सेंटीमीटर) हो सकती है और तमिलनाडु के चेन्नई, तिरुवल्लुर और कांचीपुरम जिलों एवं आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और प्रकाशम जिलों में भारी बारिश (लगभग 20 सेंटीमीटर) हो सकती है।

देखिए वीडियो-

स्कूलों, कॉलेजों में अवकाश

तमिलनाडु सरकार ने तूफान से होने वाली स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक एवं एहतियातन कदम उठा लिए हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम ने रविवार को मंत्रियों और अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति की समीक्षा की। जिला प्रशासन और सभी अधिकारियों को हाई अलर्ट कर दिया गया है। सेना, नौसेना, वायुसेना और तटरक्षक बलों को आवश्यक मदद के लिए तैयार रखा गया है।

सरकार ने चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लुर जिलों में सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त निजी स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। तमिलनाडु सरकार ने निजी संगठनों को भी उनके कामगारों को अवकाश देने या घर से काम करने की सलाह दी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत