नई दिल्ली: पिछले 2 दिन से लापता दिल्ली विश्वविद्यालय के एक छात्र का शव आज शाम पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके स्थित उसके घर के पानी की टंकी में मिला। पुलिस ने बताया कि भूपेंद्र चौधरी (24) दिल्ली विश्वविद्यालय में बी.कॉम का छात्र था। वह मंडावली में अपने परिवार के साथ रहता था और पिछले दो दिन से लापता था।
वह पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर परेशान था और परिवार के सदस्यों के सवालों को टाल रहा था। वह शनिवार को लापता हो गया और उसके परिवार वालों ने रविवार को पुलिस से संपर्क किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पड़ोसियों ने चौधरी परिवार के मकान की छत से दुर्गंध आने की शिकायत की, जिसके बाद पानी की टंकी का ढक्कन खोला गया, जिसमें भूपेंद्र का शव पाया गया।
शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वजह का पता चल सकेगा।