नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में आज सुबह हवा चलती रही और मौसम साफ रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही उत्तरी राज्यों में कम दृश्यता के कारण 32 ट्रेनों के परिचालन में विलंब हुआ और पांच अन्य ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में दृश्यता सामान्य रही। सुबह साढ़े पांच बजे 2000 मीटर और साढ़े आठ बजे 1500 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। बहरहाल, वहां धुंध का भी असर रहा।
उन्होंने बताया कि सुबह में आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी जिसके कारण दृश्यता का स्तर सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने की संभावना है। सुबह साढ़े आठ बजे 77 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। कल भी मौसम साफ रहने और धुंध रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।
दिल्ली हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य रहा। दिल्ली हवाई अड्डे के वेबसाइट के मुताबिक विमानों का आगमन और प्रस्थान हुआ। हालांकि, रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि खराब दृश्यता के कारण 32 ट्रेन विलंब से चल रही हैं और पांच ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है। कल का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।