पणजी: वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आम आदमी पार्टी (AAP) को भाजपा की टीम-B करार दिया और आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के RSS से संबंध हैं। उन्होंने यहां प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक में कहा, आप BJP की टीम-B है। पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल के संघ के साथ मजबूत संबंध हैं, वह RSS के पूरे गेमप्लान का हिस्सा हैं।
दिग्विजय सिंह ने कहा, आप गोवा में कांग्रेस के पारंपरिक वोटों को निशाना बना रही है। लेकिन यह नवगठित पार्टी गोवा में कांग्रेस के लिए खतरा नहीं है।
PM मोदी की विदेश नीति पर भी कटाक्ष
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश नीति से निपटने के तरीके पर निशाना साधते हुए कहा कि वह भारत के लिए शर्मिंदगी रहे हैं। कांग्रेस ने अपने आकलन को मजबूती देने के लिए पड़ोस के कुछ घटनाक्रमों का भी हवाला दिया और यह कहने का प्रयास किया कि अगले सप्ताह सत्ता में दो वर्ष पूरे कर रहे प्रधानमंत्री विदेश नीति के क्षेत्र में देश के लिए शर्मिंदगी रहे हैं।
कांग्रेस ने कहा, नरेंद्र मोदी की पैनी नजरों के सामने अमेरिका पाकिस्तान को F-16 विमान बेचने पर सहमत हुआ, भारत के पुराने दोस्त रूस ने पाकिस्तान से अपनी हथियार व्यापार रोक हटाई और चीन पड़ोस में हमें आंखें दिखा रहा है।
भारत के लिए शर्मिंदगी रहे हैं विदेश मंत्री नरेंद्र मोदी शीर्षक से समीक्षा में एआईसीसी ने कई मोर्चों पर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा।