1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लॉकडाउन के बाद एयरपोर्ट पर जबरदस्त हलचल, पहले विमान में यात्रा करने वालों में अर्धसैनिक बल-सेना के जवान, छात्र

लॉकडाउन के बाद एयरपोर्ट पर जबरदस्त हलचल, पहले विमान में यात्रा करने वालों में अर्धसैनिक बल-सेना के जवान, छात्र

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 25, 2020 09:34 am IST,  Updated : May 25, 2020 09:34 am IST

देश में आज से घरेलू उड़ान सेवा की शुरूआत हो गई है। दिल्ली में इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों का ऑपरेशन टर्मिनल 3 से हो रहा है, जबकि मुंबई से भी उड़ानें शुरू हो गई हैं। 

Domestic flights resume after two months of coronavirus lockdown- India TV Hindi
Domestic flights resume after two months of coronavirus lockdown Image Source : ANI

नयी दिल्ली: देश में आज से घरेलू उड़ान सेवा की शुरूआत हो गई है। दिल्ली में इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों का ऑपरेशन टर्मिनल 3 से हो रहा है, जबकि मुंबई से भी उड़ानें शुरू हो गई हैं। घरेलू उड़ान सेवा के लिए नए नियम और नई शर्तें है जिसका हर यात्री को पालन करना होगा। दिल्ली से पहली फ्लाइट सुबह 4 बजकर 45 मिनट पर पुणे के लिए उड़ी, इसके बाद 5 बजे एक और फ्लाइट ने उड़ान भरी जो दिल्ली से बैंगलुरू के लिए गई है।

Related Stories

करीब दो महीने से बंद पड़ी घरेलू विमान सेवाओं के बहाल होने के बाद सैकड़ों लोग अपने घर और कार्यस्थल लौटने के लिए तड़के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। पहले विमान में यात्रा करने वालों में अर्धसैनिक बल के जवान, सेना के जवान, छात्र और प्रवासी शामिल थे, जो रेलवे द्वारा चलाई गई विशेष ट्रेनों के टिकट नहीं ले पाए थे।

यहां मौजूद कई लोगों ने बताया कि सार्वजनिक वाहनों के कम होने के कारण वे समय से काफी पहले हवाई अड्डे के लिए निकल गए थे। संदीप सिंह (19) एक छात्र हैं और देहरादून में पढ़ाई करते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने देहरादून से दिल्ली पहुंचने के लिए 5,500 रुपये का टिकट लिया क्योंकि ट्रेनें भरी चल रही हैं और अंतरराज्यीय बसें चल नहीं रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने पीजी में था। माता-पिता को काफी चिंता थी। मैं पहले विमान से ही घर लौट रहा हूं।’’ पटना के मेकैनिकल इंजीनियर आमिर अफजल 23 मार्च को आधिकारिक काम के लिए दिल्ली आए थे,वह दोस्तों और परिवार के साथ ईद मनाने के लिए आज यहां से रवाना हुए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने सहकर्मी के साथ महिपालपुर में रह रहा था। होटल का किराया 900 रुपये प्रतिदित था। हमें घर वापस जाने के लिए ट्रेन का टिकट नहीं मिल पा रहा था।’’

अफजल के दोस्त राशिद ने कहा कि वह खुश हैं कि वह बिहार के बेगूसराय जिले में अपने परिवार के साथ ईद मना पाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे कई बेघर और भूखे प्रवासी जो ट्रेन या विमान के टिकट खरीदने में असर्मथ है, उनके लिए यह त्योहार बेरंग ही रह जाएगा।’’ वहीं कई लोगों को यहां आने के बाद पता चला कि उनकी उड़ान रद्द हो गई है।

नाइक सतीश कुमार को कोलकाता जाना था और कोलकाता जाने वाले विमान ने उड़ान नहीं भरी क्योंकि राज्य ने 28 मई तक विमान सेवाएं बहाल ना करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा ‘‘मैं सुबह छह बजे कोलकाता जाने वाले विमान के लिए अंबाला से यहां आया। जब यहां पहुंचा तो पता चला कि उड़ान रद्द हो गई है। अब वापस घर लौट रहा हूं।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत