1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. निर्भया केस: तिहाड़ जेल में पवन जल्लाद ने किया दोषियों की फांसी का डमी ट्रायल

निर्भया केस: तिहाड़ जेल में पवन जल्लाद ने किया दोषियों की फांसी का डमी ट्रायल

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 02, 2020 05:13 pm IST,  Updated : Mar 02, 2020 06:14 pm IST

तिहाड़ जेल में निर्भया के दोषियों की फांसी का डमी ट्रायल किया गया। पवन जल्लाद ने दोषियों की फांसी की तारीख से एक दिन पहले सोमवार को डमी को फांसी लगाकर ट्रायल किया।

तिहाड़ जेल में पवन जल्लाद ने किया फांसी का डमी ट्रायल- India TV Hindi
तिहाड़ जेल में पवन जल्लाद ने किया फांसी का डमी ट्रायल Image Source : PTI

नई दिल्ली: तिहाड़ जेल में निर्भया के दोषियों की फांसी का डमी ट्रायल किया गया। पवन जल्लाद ने दोषियों की फांसी की तारीख से एक दिन पहले सोमवार को डमी को फांसी लगाकर ट्रायल किया। तिहाड़ जेल के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि "पवन जल्लाद ने आज (सोमवार) 2012 दिल्ली गैंग रेप के दोषियों की डमी को फांसी लगाई। बता दें कि दोषियों को तीन मार्च (मंगलवार) की सुबह 6 बजे फांसी लगाने का आदेश था लेकिन फिलहाल वह टल गया है।

टल गई फांसी

निर्भया हत्या और बलात्कार मामले में चार दोषियों में से एक पवन ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को दया याचिका भेजी थी, जिसे राष्ट्रपति ने सोमवार को खारिज कर दिया। इसीलिए, अब दया याचिक खारिज होने के बाद नया डेथ वारेंट जारी किया जाएगा। इसका मतलब है कि तीन मार्च (मंगलवार) की सुबह 6 बजे होने वाली फांसी अब टल गई है। कोर्ट ने सोमवार को सुनवाई कर अगले आदेश तक के लिए फांसी टाल दी है।

दया याचिका खारिज होने के बाद क्या?

दरअसल, जेल मैन्युअल में लिखा गया है कि सारी लीगल रैमेडीज खत्म होने के बाद...दया याचिका खारिज होने के बाद भी अपराधी को चौदह दिन से पहले फांसी पर नहीं लटकाया जा सकता। जेल मैन्युअल में लिखी इसी बात का फायदा उठाते हुए निर्भया के दोषी अभी तक तीन बार फांसी टलवा चुके हैं। हर बार फांसी की तारीख से ठीक पहले दोषी ऐसे ही करके फांसी टलवाते आ रहे हैं।

वो खौफनाक रात...

दिल्ली में 16-17 दिसंबर 2012 की दरम्यानी रात छह लोगों ने चलती बस में 23 वर्षीय पैरामेडिकल छात्रा से बर्बर बलात्कार किया था और फिर उसे बस से सड़क पर फेंक दिया था। इस लड़की को काल्पनिक नाम ‘निर्भया’ से जाना गया। बाद में 29 दिसंबर 2012 को सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। राम सिंह नाम के आरोपी ने तिहाड़ जेल में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। आरोपियों में शामिल एक नाबालिग को तीन साल तक किशोर सुधार गृह में रखने के बाद रिहा कर दिया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत