नई दिल्ली: संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को चार नवनिर्वाचित सांसदों ने लोकसभा में शपथ ग्रहण किया। निचले सदन में सोमवार को शपथ लेने वाले नए सांसदों में बिहार के समस्तीपुर से प्रिंस राज, मध्य प्रदेश के शहडोल से हिमाद्री सिंह, महाराष्ट्र के सतारा से श्रीनिवास दादासाहेब पाटील और तमिलनाडु के वेल्लोर से डीएम कथिर शामिल हैं। चारों सांसदों ने शपथ लेने के बाद रॉल (नामावली) पर हस्ताक्षर और सीट ग्रहण कर सदन की बैठक में हिस्सा लिया। शीतकालीन सत्र 13 दिसंबर को खत्म होगा और इस दौरान कुल 20 बैठकें होंगी।
Related Stories
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के नेता प्रिंस राज को बीते महीने बिहार प्रदेश अध्यक्ष का पदभार सौंपा गया था। इससे पहले इस पद पर पशुपति कुमार पारस थे। समस्तीपुर निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक कुमार को शिकस्त दी थी। रामचंद्र पासवान के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। प्रिंस राज रामविलास पासवान के भतीजे हैं।
भारतीय जनता पार्टी की नेता हिमाद्री सिंह (31) शहडोल क्षेत्र से तीसरी बार सांसद चुनी गई हैं। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री दलबीर सिंह की पुत्री हैं। दलबीर सिंह शहडोल से तीन बार सांसद रहे हैं। यह वही सीट है, जहां उनकी मां राजेश नंदिनी सिंह को भाजपा के दलपत सिंह ने 2014 में हराया था। सिंह हाल ही में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुई थीं।
सिक्किम के पूर्व राज्यपाल और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता श्रीनिवास पाटील, भाजपा के उदयनराजे भोसले को हरा कर सांसद बने हैं। उन्होंने भाजपा के उदयनराजे भोसले को हराया। वहीं डीएमके नेता डी. एम कथिर अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी एआईएडीएमके के उम्मीदवार ए. सी. षणमुगम को हरा कर सांसद निर्वाचित हुए हैं।