1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गरीब रथ ट्रेन में पेंट्री कार के 20 कर्मियों ने दंपति को पीटा, जांच शुरू

गरीब रथ ट्रेन में पेंट्री कार के 20 कर्मियों ने दंपति को पीटा, जांच शुरू

 Written By: Bhasha
 Published : May 25, 2016 03:01 pm IST,  Updated : May 25, 2016 03:02 pm IST

हजरत निजामुद्दीन-बांद्रा गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन में सरकारी रेल नीर ब्रांड के बजाय दूसरा बोतलबंद पानी दिये जाने को लेकर हुये विवाद में ट्रेन में सवार एक दंपति के साथ पेंट्री कार के करीब 20 कर्मियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट की गयी।

garib rath- India TV Hindi
garib rath

मुंबई: हजरत निजामुद्दीन-बांद्रा गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन में सरकारी रेल नीर ब्रांड के बजाय दूसरा बोतलबंद पानी दिये जाने को लेकर हुये विवाद में ट्रेन में सवार एक दंपति के साथ पेंट्री कार के करीब 20 कर्मियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट की गयी। रेलवे ने मामले की जांच का आदेश दिया है। पश्चिम रेलवे ने एक बयान में बताया है कि खानपान कंपनी पर पांच लाख रूपये का जुर्माना भी लगाया गया है। रेलवे सुरक्षा बल :आरपीएफ: के एक अधिकारी के मुताबिक, प्रदीप गुप्ता :48: और उनकी पत्नी 12910 हजरत निजामुद्दीन-बांद्रा गरीब रथ एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे थे। पिछले रविवार को ट्रेन के कोटा जंक्शन से रवाना होने पर रात में करीब 10.10 बजे गुप्ता ने एक बोतल पानी मांगा।

आरपीएफ के अधिकारी ने बताया कि उसे कथित तौर पर रेल नीर के बजाय दूसरे ब्रांड का बोतल बंद पानी दिया गया। गुप्ता ने खानपान कंपनी के कर्मियों से कहा कि उन्हें केवल रेल नीर चाहिए। पेंट्री कार के कर्मी ने अपने साथियों को बुलाया और कथित तौर पर गुप्ता के साथ मारपीट की। गुप्ता की पत्नी ने हस्तक्षेप का प्रयास किया जिसमें वह भी घायल हो गयी। गुप्ता ने पीटीआई भाषा को बताया, यह वास्तव में काफी डरावना है, जो लोग हमारी सेवा के लिए हैं वे हमारी पिटाई कर रहे हैं। कोई भी यात्री हमारे बचाव में सामने नहीं आया।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने ट्रेन का अलार्म चेन खींची और कोटा और रतलाम स्टेशनों के बीच हमें उतार दिया। गुप्ता ने अगले दिन सुबह 7.25 पर बोरिवली पहुंचने पर शिकायत दर्ज कराई। रेलवे ने कल बयान में कहा है कि पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक जी सी अग्रवाल ने इस घटना को काफी गंभीरता से लिया है और खानपान कंपनी सनशाइन कैटरर्स के खिलाफ जांच का आदेश दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत