नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना इलाके में करीब 6 महीने पहले स्कूल से लौटने के दौरान अपहरण कर ले जाई गयी 14 साल की बच्ची को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इन 6 महीने में किशोरी को कई लोगों ने खरीदा और उससे जिस्मफरोशी कराई। पुलिस ने किशोरी को बेचने और जिस्मफरोशी कराने के आरोप में 3 महिलाओं सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
खबरों के मुताबिक, पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में रहने वाली 14 साल की नाबालिग 27 अगस्त को स्कूल से लौट रही थी तभी पड़ोस में रहने वाली एक महिला उसे घर छोड़ देने के बहाने ऑटो में बिठाकर उसका अपहरण कर लिया। महिला ने उसे पहले नोएडा होते हुए हिसार में एक शख्स से डेढ़ लाख में बेच दिया।
जिस्मफरोशी के लिए कई लोगों को बेची गई नाबालिग
किशोरी को एक के बाद एक कई लोगों को बेचा गया। कुछ लोगों ने उसे किराए पर लिया, तो कुछ ने उसे खरीदा और उससे जिस्मफरोशी कराई। खरीददार उसके लिए 2,500 से लेकर 3,000 रुपये तक किराया लेते रहे। किशोरी के पिता ने बेटी थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा था।पिता को अचानक मिली अपनी बेटी की खबर
फिर अचानक हिसार से किसी ने किशोरी के पिता को फोन पर बताया की उसकी बेटी को किसी ने हिसार में बेच दिया है। इसके बाद पिता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और पुलिस पीड़िता तक पहुंच गई। पुलिस ने बच्ची को बरामद कर उसे अपहरण करने, बेचने और जिस्मफरोशी कराने में शामिल 3 महिलाओं सहित 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।