चंडीगढ़: गुरुग्राम में छेड़छाड़ की घटनाओं की बढ़ती संख्या को देखते हुये हरियाणा पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया है और 121 लोगों को धर दबोचा है। पुलिस ने बताया कि गुरुग्राम में महरौली-गुड़गांव (एमजी) रोड पर कल रात दो घंटे तक रोमियो फ्री अभियान चलाया जहां सप्ताहंत के अवसर पर लोगों की भारी भीड़ रहती है। वहां बड़ी संख्या में क्लब, पब, सिनेमा घर और अन्य सुविधाएं मौजूद हैं।
दस दिन के भीतर इलाके में चलाए जाने वाला इस तरह का यह दूसरा अभियान है। अभियान के दौरान शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस के कई जवान खड़े किए गए थे। गिरफ्तार किये गये लोगों पर देर रात जाने वाली महिलाओं का पीछा करने, भद्दी टिप्पणी करने और छेड़छाड़ करने के आरोप हैं। गुरुग्राम में इसी तरह के एक अभियान के दौरान 26 अगस्त को हरियाणा पुलिस ने 46 लोगों को पकड़ा था।