नई दिल्ली: दुनिया के अग्रणी सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर ने गुरुवार को जमात-उद-दावा के कर्ताधर्ता हाफिज सईद का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट बंद कर दिया। हाफिज सईद का आधिकारिक ट्विटर हैंडल ऐटहाफिजसईदलाइव था। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने ट्विटर से चिंता जताई थी कि सईद के अकाउंट का उपयोग हिंसा को भड़काने के लिए किया जा सकता है।
ट्विटर अपनी सोशल साइट पर आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों पर रोकथाम लगाने के लिए इस वर्ष की शुरुआत में ही 125,000 खाते बंद कर चुका है। ट्विटर ने अपने ब्लॉग में लिखा है, "दुनिया के अधिकतर लोगों की तरह हम भी चरमपंथी संगठनों द्वारा किए जा रहे अत्याचारों से दुखी हैं। हम आतंकवाद का प्रचार करने के लिए ट्विटर का उपयोग करने की निंदा करते हैं और ट्विटर के नियमों में साफ-साफ लिखा हुआ है कि इस तरह का बर्ताव या हिंसक धमकी देने के लिए हमारी सेवा के उपयोग की इजाजत नहीं है।"