1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जलभराव पर राज्यपाल को समन जारी हो: केजरीवाल

जलभराव पर राज्यपाल को समन जारी हो: केजरीवाल

 Written By: IANS
 Published : Sep 02, 2016 12:41 pm IST,  Updated : Sep 02, 2016 12:41 pm IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में जलभराव की समस्या पर दिल्ली उच्च न्यायालय से समन मिलने के बाद कहा कि न्यायालय को उनकी बजाय यहां के उपराज्यपाल को समन भेजना चाहिए।

kejriwal jung- India TV Hindi
kejriwal jung

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में जलभराव की समस्या पर दिल्ली उच्च न्यायालय से समन मिलने के बाद कहा कि न्यायालय को उनकी बजाय यहां के उपराज्यपाल को समन भेजना चाहिए। केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा, "जब उच्च न्यायालय ने एलजी को ही सरकार बताया है, तो फिर जलभराव की स्थिति के लिए भी उन्हें ही समन जारी किया जाना चाहिए।"

न्यायालय ने गुरुवार को दिल्ली सरकार के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर जलभराव की समस्या दूर करने के लिए कारगर कदम नहीं उठाए जाते हैं तो यह अदालत की अवमानना का मामला होगा।

इस पर दिल्ली सरकार के वकील ने सरकार व उपराज्यपाल के बीच शक्तियों के विभाजन का जिक्र करते हुए दलील दी थी कि वरिष्ठ अधिकारियों पर उनका नियंत्रण नहीं है। इसके बाद न्यायालय ने कहा कि उसे इससे कोई मतलब नहीं है।

केजरीवाल ने न्यायालय के फैसले के बाद कहा, "यह काफी अजीब बात है। उच्च न्यायालय को कैसे इससे कोई मतलब नहीं हो सकता कि सरकार किसकी है? न्यायालय का ही कहना है कि सरकार उपराज्यपाल है और काम के लिए वह मुख्यमंत्री से कहता है?"

अदालत ने शहर में जलभराव के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर निकायों को भी फटकार लगाई थी।

राजधानी में बुधवार को लगातार तीन घंटों तक हुई बारिश से दिल्ली ठहर गई थी।

अमेरिका के विदेश मंत्री इस दौरान भारत दौरे पर थे और उस दिन आईआईटी-दिल्ली में उनका व्याख्यान होना था, जिसमें वह बारिश के बाद पैदा हुए हालात के कारण देर से पहुंचे। उन्होंने दिल्ली की बारिश पर चुटकी भी ली और आईआईटी-दिल्ली में पहुंचे लोगों से कहा, "मुझे नहीं पता कि आप लोग यहां नाव या एम्फिबीअस (जल-थल दोनों में चलने वाला वाहन) से पहुंचे हैं?" इसके बाद सभागार में मौजूद लोगों की हंसी छूट पड़ी थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत