1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हिजबुल मुजाहिदीन का आतंकी नसीर अहमद वानी गिरफ्तार, पाकिस्तान में ली है ट्रेनिंग

हिजबुल मुजाहिदीन का आतंकी नसीर अहमद वानी गिरफ्तार, पाकिस्तान में ली है ट्रेनिंग

 Written By: Bhasha
 Published : May 14, 2017 04:06 pm IST,  Updated : May 14, 2017 04:13 pm IST

सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने उत्तर प्रदेश के महराजगंज में नेपाल से सटे सोनौली क्षेत्र में हिज्बुल मुजाहिदीन के एक संदिग्ध आतंकवादी को गिरफ्तार किया है।

terrorist- India TV Hindi
terrorist

लखनऊ: सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने उत्तर प्रदेश के महराजगंज में नेपाल से सटे सोनौली क्षेत्र में हिज्बुल मुजाहिदीन के एक संदिग्ध आतंकवादी को गिरफ्तार किया है।

प्रदेश पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते (ATS) के एक अधिकारी ने बताया कि एसएसबी ने कल सोनौली की सीमा पर नसीर अहमद उर्फ सादिक नामक संदिग्ध आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी के मुताबिक वर्ष 2002-03 में हिज्बुल मुजाहिदीन के साथ जुड़ा नसीर कश्मीर के बनिहाल से पाकिस्तान गया था और वह अनेक आतंकवादी गतिविधियों में शामिल है। उसने पाकिस्तान में तीन महीने तक ए. के.-47, ए. के.-56 और एसएलआर चलाने का प्रशिक्षण लिया था। वर्ष 2002 में उसे बनिहाल में सेना के साथ मुठभेड़ में गोली भी लगी थी।

उन्होंने बताया कि नसीर ने वर्ष 2009 में पाकिस्तान के गुजरात जिले में आशा नईम नामक महिला से शादी की थी और उसी के पते पर पासपोर्ट हासिल किया था।

अधिकारी ने बताया कि नसीर पाकिस्तान के फैसलाबाद से शारजाह गया था। उसके बाद वहां से वह नेपाल की राजधानी काठमांडो पहुंचा था। वहां से वह एक अन्य व्यक्ति के साथ भारतीय सीमा में दाखिल होने की फिराक में था। वह व्यक्ति फिलहाल लापता है।

बहरहाल, एटीएस ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है और वह नसीर को रिमांड पर लेकर उसके इरादों तथा नेटवर्क के बारे में जानकारी हासिल करेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत