नई दिल्ली: सूचना-प्रसारण मंत्रालय ने हिंदी चैनल एनडीटीवी इंडिया के खिलाफ अपना आदेश स्थगित किया है। बता दें कि भारत सरकार ने हिंदी टीवी चैनल एनडीटीवी इंडिया को 9 नवंबर को ऑफ-एयर करने का आदेश दिया था। ये आदेश भारत के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भेजा था और इसका संबंध पठानकोट हमलों की कवरेज से जुड़ा था। पठानकोट हमलों के दौरान टीवी चैनलों की कवरेज़ को लेकर एक उच्च स्तरीय पैनल का गठन हुआ था।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
पैनल के अनुसार एनडीटीवी इंडिया ने पठानकोट हमले की कवरेज़ के दौरान सामरिक रूप से संवेदनशील सूचनाएं प्रसारित की थीं। इस पैनल ने ही एनडीटीवी इंडिया के कवरेज़ पर आपत्ति जताते हुए इसे एक दिन के लिए ऑफ एयर करने की सिफारिश की थी।
एनडीटीवी ने एक बयान जारी कर कहा था कि उनका कवरेज बिल्कुल संतुलित था और इस तरह से उन्हें निशाना बनाया जाना सही नहीं है। कंपनी के अनुसार अधिकतर अखबारों और चैनलों ने पठानकोट हमलों की कमोबेश एक जैसी कवरेज की थी।