नई दिल्ली: पाकिस्तान में जन्मे और कनाडा में रहनेवाले लेखक तारिक फतह का कहना है कि अगर पाकिस्तान में सैन्य तख्तापलट की कोई कोशिश होती है तो अमेरिका केरी-लुगर कानून के तहत पाकिस्तान को दी जानेवाली सारी मदद रोक देगा।
तारिक फतह "आपकी अदालत" शो में रजत शर्मा के सवालों का जवाब दे रहे थे जिसका प्रसारण इंडिया टीवी पर कल सुबह 10 बजे होगा। पाकिस्तान के जानेमाने आलोचक तारिक फतह ने कहा, ‘सैन्य तख्तापलट की स्थिति में केरी-लुगर कानून(विदेश सचिव जॉन केरी और सिनेटर रिचर्ड लुगर ने इसे तैयार किया है) अमेरिकी कांग्रेस को यह अधिकार देता है कि वह बगैर किसी बहस के पाकिस्तान को मुहैया करानेवाली सभी मदद रोक दे।’
झूठ और नफरत की बुनियाद पर पाकिस्तान का गठन
नियंत्रण रेखा के पार भारतीय सेना की तरफ से किए गए सर्जिकल स्ट्राइक पर तारिक फतह ने कहा, ‘भारत ने पाकिस्तान पर हमला नहीं किया है। इसने केवल उस इलाके में चल रहे आतंकी कैंपों पर हमला किया जिसपर पिछले 70 साल से पाकिस्तान कब्जा जमाए हुए है। कारगिल की जंग में हिन्दुस्तान की फौज ने सबक सिखा दिया, वो चाहते तो एलओसी को पार करके तहस-नहस कर सकते थे, लेकिन एक प्रोफेशनल आर्मी की तरह वह पाकिस्तान को सबक सिखाने के बाद रुक गई। लेकिन ये सुधर नहीं सकते पाकिस्तानी, क्योंकि पाकिस्तान है ही ऐसा। पाकिस्तान बना है झूठ और नफरत की बुनियाद पर।’
बलूचिस्तान पर पाक फौज ने कब्जा किया
पाकिस्तान के गठन पर तारिक फतह ने कहा, ‘यूपी और बिहार के नवाब, जो जम्हूरियत से डरने लगे थे, वो नेपाल की सरहद के पास पाकिस्तान बना लेते। लेकिन ये आपने वहां बनाया जहां कांग्रेस की हुकूमत थी। फ्रंटियर प्रॉविन्स में जहां बादशाह खान थे। पंजाब में, जहां मुस्लिम लीग हार चुकी थी। सिंध में, जहां चीफ मिनिस्टर अली बख्श सूमरो को जहर देकर मार दिया गया और बलूचिस्तान जो कि आजाद था उसपर पाकिस्तानी फौज ने कब्जा कर लिया। पाकिस्तान एक मुल्क नहीं, एक ज़ेहनियत है। वरना मुझे बताइये, अफगानिस्तान अफगानों का है, बंगलादेश बांगालियों का है, कजाकिस्तान कज़ाकों का है, पाकिस्तान किसका है। पाकिस्तान तो आप लोगों के साथ एक लतीफा हुआ है। पाकिस्तान ने दरिया-ए-सिंध आपसे छीना है, सिंध के बगैर हिन्दुस्तान कैसे हो सकता है।’
पाक आर्मी चीफ पीएम को जब चाहे बुला लेता है
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और आर्मी चीफ राहेल शरीफ पर भी तारिक फतह ने व्यंग्य भरे लहजे में कहा, ‘एक वाकई शरीफ(नवाज) है। क्योंकि फैक्ट्री चलाने वाले, बिरयानी खाने वाले, क्रिकेट देखने वाले शरीफ को जनरल जिया-उल-हक राजनीति में लेकर आया। इनका अपना कुछ नहीं है। पूरे पाकिस्तान की दौलत को पंजाब में लाकर लगा दिया। दूसरा शरीफ (आर्मी चीफ) बदमाश है। आर्मी का कमांडर इन चीफ जब चाहता है प्राइम मिनिस्टर को बुलाता है। हमारे पास आ जा बे, वो आ जाता है।’
रक्षामंत्री आसिफ को कुछ नहीं मालूम
पाकिस्तान में जन्मे लेखक फतह ने रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘ये (ख्वाजा आसिफ) इतना ज़ाहिल आदमी है.. टैक्टिकल न्यूक्लियर वेपन का मतलब जानता है? ये हथियार 20 किलोमीटर तक ही मार कर सकते हैं। दुनिया में किसी भी मुल्क के पास ऐसे टेक्टिकल न्यूक्लियर वेपन नहीं है, सिवाय इन रास्कल्स के पास। अगर हिन्दुस्तान की फौज पाकिस्तान में घुसेगी, तो ये लोग पाकिस्तान पर ही बम मारेंगे ? ये तो एक तरह की मौत को आमंत्रण देने वाली बात है, जो पाकिस्तानी पंजाबियों के दिमाग में बस गयी है।’
कहीं और इश्क लड़ाएं इमरान खान
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख इमरान खान की भारत को कड़े जवाब देने की धमकी पर तारिक फतह ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘अरे यार, (इमरान खान) जाकर कहीं इश्क लड़ाएं, क्रिकेट खेलें। किस चक्कर में पड़े हैं? इस स्टुपिड आदमी की सारी जिन्दगी औरतों, खासकर हिन्दुस्तानी औरतों को रिझाने में बीती है। आप सोचिए, एक आदमी 62 साल की उम्र में दूल्हा बना, और घोड़े पर चल के आया और फिर तलाक़, और फिर लड़की ने उनको भेज दिया बाहर। बेइमान लोग हैं। ये वो पंजाबी हैं जो पश्तो बनना चाहते हैं। आपका मुशर्रफ दिल्ली वाला, वह पंजाबी बनना चाहता है। दिस इज ऑल नॉनसेन्स, इनको आइडेन्टिटी क्राइसिस है।’
हाफिज सईद‘पाक का असली प्रधानमंत्री’
पाकिस्तानी मूल के इस लेखक ने जमात-उद-दवा के चीफ हाफिज सईद को ‘पाकिस्तान का असली प्रधानमंत्री’ और हिज्बुल मुजाहिदिन के सरगना सैयद सलाउद्दीन को ‘पाकिस्तान का असली रक्षा मंत्री’ बताया। तारिक ने कहा, ‘मैं नहीं जानता कि क्यों आप भारतीय फिलॉसफी में डूबे हुए हैं कि आप देख ही नहीं पा रहे हैं कि देश कौन चला रहा है। उनके सैनिकों ने 30 लाख बंगालियों को 10 महीनों में मार डाला। वे बलोच युवकों को हवाई जहाजों से फेंक सकते हैं, जवान लड़कियों का रेप कर सकते हैं। 1971 की जंग के बाद, जब भारत द्वारा बंदी बनाए गए करीब 90,000 पाकिस्तानी सैनिकों को इंदिरा गांधी ने छोड़ दिया था, तब उन्हें पाकिस्तानी सेना ने और भी ज्यादा कत्लेआम मचाने के लिए 1973 से 1975 के बीच बलूचिस्तान में भेज दिया था।’
मुशर्रफ ने बुगती की हत्या कराई
तारिक फतह ने पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह मुशर्रफ ही थे जिन्होंने 2006 में बलोच नेता अकबर शाहबाज खान बुगती की हत्या का आदेश दिया था। तारिक ने कहा, ‘अस्सी साल के उस बूढ़े आदमी को पाकिस्तनी सेना ने उनकी कार के अंदर जहर दे दिया था।’
खुशनसीब हैं भारतीय मुसलमान, आजाद हवा में ले रहे हैं सांस
पाकिस्तानी मूल के लेखक तारिक फतह ने भारतीय मुसलमानों को अपनी सलाह भी दी। उन्होंने कहा, ‘भारतीय मुसलमान खुशनसीब हैं कि वह एक ऐसे मुल्क में रह रहे हैं जहां वे आजादी से सांस ले सकते हैं और उन्हें ‘अल्लाह के इस्लाम में यकीन करना चाहिए न कि मुल्ला के इस्लाम में।’तारिक फतह ने कहा, ‘हम आखिरकार भारतीय मुसलमान हैं। हम क्यों अरबियों की तरह जीवन जिएं, और अपनी औरतों को बुरका और हिजाब पहनने को कहें। हिंदू और सिख महिलाएं दुपट्टा ओढ़ती हैं और मुस्लिम महिलाएं भी दुपट्टा ले सकती हैं।’
इंडिया टीवी पर रजत शर्मा के साथ ‘आप की अदालत’ में तारिक फतह आएंगे। रविवार 2 अक्टूबर को सुबह 10 बजे और रात 10 बजे इस शो को प्रसारित किया जाएगा।