आरा: बिहार में भोजपुर जिले के धनगांई थाना क्षेत्र में मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद एक मजदूर की ईंट और डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के गिरफ्तार कर लिया है।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पुलिस के अनुसार, जिले के तरारी थाना क्षेत्र के गहनुआ गांव निवासी जुगेश तिवारी (42 वर्ष) पिछले कुछ समय से शिवपुर गांव निवासी अजय तिवारी के यहां मजदूरी का काम कर रहा था। अजय तिवारी पेशे से वकील है और जगदीशपुर की कचहरी में प्रैक्टिस किया करता था। मजदूरी को लेकर गुरुवार देर रात जुगेश और अजय के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद काफी बढ़ गया। इसके बाद अजय ने जुगेश की जमकर पिटाई कर दी।
खबरों के मुताबिक, पेशे से वकील अजय तिवारी ने जुगेश को पहले घर में खाना खिलाया, और फिर रात होने पर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर पीटने लगा। धनगांई के थाना प्रभारी मनिंद्र कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पिटाई के कारण गंभीर रूप से घायल मजदूर को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में अजय तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।