नई दिल्ली : सेरेब्रल मलेरिया से पीडि़त पूर्वी दिल्ली के 30 वर्षीय व्यक्ति की मंगलवार को यहां सफदरगंज अस्पताल में मौत हो गयी। दिल्ली-एनसीआर में पिछले पांच वर्षों में इस बीमारी से होने वाली संभवत: यह पहली मौत है। मृतक का नाम प्रवीण है और वो मंडावली के रहने वाला था।
सफदरजंग अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एके राय ने बताया कि प्रवीण को काफी गंभीर स्थिति में अस्पताल लाया गया था और वह पहले से सेरेब्रल मलेरिया से पीडि़त थे। कई अंगों के काम करना बंद कर देने और अन्य समस्याओं के चलते उनकी मौत हो गयी।
परिवार के एक सदस्य ने कहा कि प्रवीण को पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल से सफदरजंग अस्पताल लाया गया था, जहां मलेरिया से पीडि़त होने का पता लगने के बाद उसे 28 अगस्त को भर्ती कराया गया था। राष्ट्रीय वेक्टर जनित बीमारी नियंत्रण कार्यक्रम (एनवीबीडीसीपी) की वेबसाइट के अनुसार दिल्ली में जुलाई 2012 से अब तक मलेरिया से किसी की मौत नहीं हुई है।