नई दिल्ली: जम्मू एवं कश्मीर के उरी सेक्टर में सेना के शिविर पर हुए हमले के बाद रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर और सेना प्रमुख दलबीर सिंह आज वहां का दौरा करेंगे। उरी में आज हुए इस हमले में 17 जवान शहीद हो गए, जबकि करीब 20 घायल हो गए। फिदायीन आतंकवादी सुबह 5.30 बजे सेना के आधार शिविर में घुसे, जिसके बाद सुरक्षा बलों के साथ उनकी देर तक मुठभेड़ हुई।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, गोलीबारी अब बंद हो गई है और इलाके में आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका के मद्देनजर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह को आज रूस और अमेरिका की यात्रा पर रवाना होना था। इसके बाद भारत-अमेरिका आंतरिक सुरक्षा वार्ता के लिए 26 सितंबर से छह दिन के लिए अमेरिका जाने का कार्यक्रम था। उन्होंने ने उरी में ब्रिगेड मुख्यालय पर हुए हमले से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए एक आपात बैठक बुलाई है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, सेना, अद्र्धसैनिक बलों और गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी बैठक में शामिल हो रहे हैं।
राजनाथ ने यहां एक बयान में कहा, जम्मू कश्मीर की स्थिति को ध्यान में रखते हुये और उरी में हुये आतंकी हमले के मद्देनजर मैंने अपना रूस और अमेरिका जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।
गृहमंत्री ने बताया कि उन्होंने जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एन एन वोहरा और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से उरी में सेना ब्रिगेड मुख्यालय में हुये हमले से उत्पन्न स्थिति पर बातचीत की है। दोनों लोगों ने जम्मू कश्मीर की समूची स्थिति की जानकारी दी है। उन्होंने कहा, मैंने गृह सचिव राजीव महर्षि और मंत्रालय के अन्य अधिकारियों को जम्मू कश्मीर की स्थिति पर करीब से नजर रखने के निर्देश दिये हैं।