जम्मू: जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को विपक्ष के नेताओं द्वारा घाटी की स्थिति को लेकर आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने में कुछ भी गलत नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से यदि कोई समाधान निकल आए तो यह अच्छी बात होगी।
महबूबा ने संवददाताओं से कहा, हम एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में रहते हैं। यदि विपक्षी नेता प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति से मिलते हैं, यदि कोई समाधान निकल आता है तो यह अच्छी चीज है। उनसे नेशनल कांफ्रेंस एवं कुछ अन्य विपक्षी दलों के नेताओं की मोदी से हुई मुलाकात के बारे में प्रतिक्रिया मांगी गई थी।
उन्होंने कहा, काफी रक्तपात हो चुका है तथा जानमाल की हानि हो चुकी है। यदि उन्हें (विपक्षी दलों को) लगता है कि वे इससे समाधान पा सकते हैं तो यह अच्छी बात है। पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में एक संयुक्त शिष्टमंडल ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की तथा उन्हें जमीनी हकीकत से अवगत कराया।
विपक्षी नेताओं ने उनसे घाटी में अशांति से निबटने में राजनीतिक दृष्टिकोण अपनाये जाने की अपील की। कश्मीर में पिछले 45 दिनों से अशांति चल रही है जो एक मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी के मारे जाने के बाद शुरू हुई थी।