1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पारे में जबरदस्त गिरावट से ठिठुरी दिल्ली, कई इलाकों में बर्फबारी से और बढ़ेगी ठंड

पारे में जबरदस्त गिरावट से ठिठुरी दिल्ली, कई इलाकों में बर्फबारी से और बढ़ेगी ठंड

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 14, 2020 05:38 pm IST,  Updated : Dec 14, 2020 05:38 pm IST

दिल्ली में सोमवार को पारे में भारी गिरावट देखी गई और अगर मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हुआ तो गुरुवार-शुक्रवार तक और गिरावट हो सकती है।

Mercury drops to 8.4 degree C, air quality improves as cold winds sweep Delhi- India TV Hindi
दिल्ली में सोमवार को पारे में भारी गिरावट देखी। Image Source : PTI

नई दिल्ली: दिल्ली में सोमवार को पारे में भारी गिरावट देखी गई और अगर मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हुआ तो गुरुवार-शुक्रवार तक और गिरावट हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूवार्नुमान केंद्र के प्रमुख ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो रविवार को 11.4 और शनिवार को 14.4 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार की तुलना में तापमान में छह डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है क्योंकि बर्फीले पश्चिमी हिमालय से मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। 

Related Stories

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले चार दिनों शुक्रवार तक के दौरान न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। जम्मू संभाग, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और त्रिपुरा में घने कोहरे की चादर देखने को मिलेगी।

बुधवार से शुक्रवार तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप क्षेत्र में बारिश के आसार हैं। सफदरजंग ऑब्जर्वेटरी के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड ऑब्जर्वटरी ने इसे 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। आईएमडी के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "तापमान 17-18 दिसंबर को और कम होगा। हल्का कोहरा रहेगा और दिन में आसमान साफ रहेगा। आने वाले दिनों में बारिश के आसार नहीं हैं।"

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सोमवार को कोहरा छाया रहा। अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा, पठानकोट और भिवानी समेत कई स्थानों पर सुबह घना कोहरा छाया रहा। अधिकतर स्थानों पर रात का तापमान सामान्य के करीब रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आज पंजाब में अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।

अनुकूल हवा की गति के कारण सोमवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज की गई। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) दोपहर में 165 था। रविवार को, राष्ट्रीय राजधानी में औसत 24 घंटे का एक्यूआई 'बहुत खराब' श्रेणी में 305 पर रहा। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र, 'सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च'(सफर) ने कहा कि हवा की गुणवत्ता बेहतर है क्योंकि हवाओं ने प्रदूषकों को साफ करने में मदद की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत