नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के ठंडे पड़े रिश्तों के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। मोदी ने ट्वीट किया पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मैं उनकी दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।
शरीफ आज 67 वर्ष के हो गए।
पाकिस्तान की ओर से भारत पर लगातार आतंकी हमले होने की वजह से दोनों देशों के रिश्ते तनावपूर्ण हैं और एक तरह से बिल्कुल ठंडे पड़े हैं। फिर भी मोदी ने शरीफ को उनके जन्मदिन पर बधाई दी।
पिछले साल आज ही के दिन मोदी ने अचानक लाहौर पहुंच कर शरीफ को निजी तौर पर बधाई दी थी और उनके एक संबंधी के विवाह में भी शामिल हुए थे। बहरहाल, दोनों देशों के रिश्तों में आई यह गर्मी एक जनवरी को पंजाब के पठानकोट स्थित वायु सेना स्टेशन पर आतंकी हमले के बाद खत्म हो गई थी। तब से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा ही है।