नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और श्रीलंका के राष्ट्रति मैत्रिपाला सिरीसेना आज जाफना में भारत की मदद से दोबारा बनाए गए स्टेडियम का उद्घाटन किया। श्रीलंकाई राष्ट्रपति उद्घाटन समारोह के दौरान स्टेडियम में मौजूद रहे जबकि पीएम मोदी दिल्ली से वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।
इस स्टेडियम को दोबारा बनाने में भारत ने 7 करोड़ की आर्थिक मदद दी है। इस स्टेडियम में अतंराराष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने संबोधन में कहा, 'पिछले साल जब मैं जाफना में था, तब लोगों से मिला प्यार और लगाव आज भी मेरे जेहन में ताजा है। दुराईअप्पा स्टेडियम सिर्फ ईंट पत्थर नहीं है बल्कि आर्थिक विकास का सिंबल है।'
दूसरी ओर, जाफना के स्टेडियम में मौजूद श्रीलंकाई राष्ट्रपति सिरिसेना ने कहा, 'यह एक ऐतिहासिक मौका है, जो दोनों देशों के बीच रिश्ते को और प्रगाढ़ बनाएगा।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं भारत सरकार का दुराईअप्पा स्टेडियम के पुनर्निमाण में आर्थिक मदद के लिए धन्यवाद करता हूं।'