नयी दिल्ली: पिछले कुछ दिनों से भयंकर गर्मी के बाद मंगलवार देर रात बारिश ने राहत दी। उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में बीते कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही थी। कई जगह तो तापमान अभी से 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। हालांकि मंगलवार रात हुई इस बूंदाबांदी से लोगों को कुछ राहत मिली है। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार रात ठंडी हवाएं चलीं और हल्की बारिश हुई।
मौसम विभाग ने पूरे उत्तर पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बुधवार को दिल्ली और एनसीआर में बारिश, धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की भविष्यवाणी की है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी 4 अप्रैल की शाम से कई जगहों पर जोरदार बारिश की आशंका है। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। राजस्थान में भी आंधी और बारिश का अनुमान है।
इस बीच, उत्तराखंड में मौसम विभाग ने मंगलवार देर रात से अगले 48 घंटों में पहाड़ी जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर मंगलवार देर रात से अगले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है।