बेंगलुरु: कावेरी जल विवाद को लेकर कर्नाटक में प्रदर्शन उग्र हो गया है। बेंगलुरु में आज सड़क पर बडी तादाद में प्रदर्शनकारी उतरे और दुकानों-गाड़ियों में तोड़फोड़ की है। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर खड़े ट्रक को भी आग के हवाले कर दिया। कावेरी के पानी को लेकर तमिलनाडू और कर्नाटक में आग लगी जिसमें तीस से ज्यादा बसें जलाई गईं, ट्रकों और कारों में आग लगा दी गई। एक दूसरे के राज्य के लोगों को बसों से उतार कर बेबजह पीटा गया। प्रदर्शनकारियों ने बेंगलुरु के पास करीब 20 बसों को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्राइवेट बस ऑपरेटर के डिपो में आग लगा दी। जिस समय आग भड़की उस समय डिपो में 52 बसें खड़ी थी।
होटल पर पेट्रोल बम से हमला
कावेरी जल विवाद को लेकर तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच जारी जंग खतरनाक रूप लेती जा रही है। कहीं पेट्रोल बम फेंक दिया गया तो कहीं दुकानों और बस में तोड़फोड़ की गई। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में चेन्नई में एक कन्नड़ होटल पर पेट्रोल बम से हमला हुआ। हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
Also read:
- टेलर्स के लिए बड़ा खतरा, इस कंपनी ने बनाया कपड़े सीने वाला रोबॉट
- अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद को चेले ने ही लगा दिया 40 करोड़ रुपये का चूना
- UP में दो मंत्री गायत्री प्रजापति और राजकिशोर सिंह बर्खास्त, अवैध खनन को बढ़ावा देने का आरोप
बस में तोड़फोड़, ड्राइवर की पिटाई
वहीं दूसरी घटना रामेश्वरम में हुई। कर्नाटक से आ रही बस को लोगों ने तोड़ दिया और ड्राइवर की पिटाई कर दी। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला बदलते हुए कर्नाटक को 20 सितंबर तक तमिलनाडु को हर दिन 12000 क्युसेक पानी देने को कहा। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक सरकार को फैसला नहीं मानने को लेकर नाराजगी जताई है। वहीं कर्नाटक सरकार ने कोर्ट से अपील की है वह अपना 5 सितंबर का आदेश खारिज कर दे।
तमिल संगठन ने कर्नाटक बैंक के अंदर किया हंगामा

एक तमिल संगठन के कुछ कार्यकर्ताओं ने यहां कर्नाटक बैंक की शाखा के अंदर घुसकर हंगामा किया। वे तमिलनाडु को कावेरी जल छोड़ने का विरोध कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि तामिझागा वाझवुरीमाई काटची संगठन के करीब 25 कार्यकर्ता मिशन स्ट्रीट स्थित शाखा के अंदर हाथों में झाड़ू लिए हुए घुस गए और बैंक कर्मचारियों से परिसर खाली करने को कहा।
कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे जबकि भयभीत ग्राहक बाहर निकल आए। आसपास तैनात पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। घटना के कुछ घंटे बाद बैंक को बंद कर दिया गया और बाद में फिर से खोला गया। बहरहाल पुलिस की सलाह पर इसे फिर से बंद कर दिया गया।