1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सीबीआई जांच की मांग का मतलब पर्दा डालना: नीतीश कुमार

सीबीआई जांच की मांग का मतलब पर्दा डालना: नीतीश कुमार

 Written By: IANS
 Published : Feb 28, 2017 10:34 pm IST,  Updated : Feb 28, 2017 10:34 pm IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) की इंटरस्तरीय परीक्षा में प्रश्नपत्र मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की विपक्ष की मांग ठुकराते हुए कहा कि अब सीबीआई जांच की मांग किसी मामले पर पर्द

NItish kumar- India TV Hindi
NItish kumar Image Source : PTI

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) की इंटरस्तरीय परीक्षा में प्रश्नपत्र मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की विपक्ष की मांग ठुकराते हुए कहा कि अब सीबीआई जांच की मांग किसी मामले पर पर्दा डालने के लिए की जाती है। उन्होंने कहा कि बिहार के कई मामले सीबीआई को दिए गए हैं, आखिर उसमें पुलिस जांच के आगे सीबीआई की जांच आगे बढ़ पाई क्या? उनका इशारा केंद्र सरकार के पिंजरे में बंद 'तोता' की तरफ था। 

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

नीतीश ने आईएएस एसोसिएशन द्वारा बीएसएससी अध्यक्ष सुधीर कुमार की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आरोप लगने के बाद इस देश में राष्ट्रपति को छोड़कर सबकी जांच हो सकती है। अधिकारियों को जांच रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए। 

बिहार विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सात निश्चय को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष के भ्रष्टाचार बढ़ने के आरोपों को नकारते हुए कहा, "भ्रष्टाचार पर उनकी सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है और प्रश्नपत्र लीक मामले में कार्रवाई हो रही है। इस मामले में गलत करने वाले किसी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। जांच पर भरोसा रखिए।" 

विपक्ष के प्रश्नपत्र मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग को नकारते हुए उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि बिहार के कई मामले सीबीआई को दिए गए हैं, आखिर उसमें पुलिस जांच के आगे सीबीआई की जांच आगे बढ़ पाई क्या? 

आईएएस एसोसिएशन द्वारा ज्ञापन दिए जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि ज्ञापन उन्हें अभी तक नहीं मिला है। उन्हें समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी मिली है कि राजभवन में ज्ञापन दिया गया है। उन्होंने कहा कि वह ज्ञापन का इंतजार कर रहे हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं आईएएस अधिकारियों के ज्ञापन का इंतजार कर रहा हूं। ज्ञापन का एक-एक शब्द पढ़कर जांच कराएंगे। अभी उन्हें राजभवन से भी उसकी कॉपी नहीं मिली है। ज्ञापन मिलने के बाद उस पर कारवाई की जाएगी, जो देश के लिए नजीर बनेगी।" 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत