नई दिल्ली: कश्मीर में पिछले दिनों मारे गए आतंकी बुरहान वानी को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच फिर बयानबाज़ी का दौर चल निकला है। सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ और मुंबई बम ब्लास्ट मामले में वांछित आतंकी हाफ़िज़ सईद ने बुरहान को जहां कश्मीरी नेता बताया वहीं भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के बयान पर सख़्त एतराज़ करते हुए कहा, 'पाकिस्तान को हमारी सलाह है कि वह अपने पड़ोसियों के आंतरिक मामलों में दख़ल देने से परहेज़ करे।
भारत ने आरोप लगाया है कि कश्मीर हिंसा पर पाकिस्तान के बयानों से उसके आतंकवाद को शह देने की पुष्टि होती है।
भारत-पाक के बनते बिगड़ते संबंधों के बीच नवाज़ शरीफ़ का हिज्बुल मुजाहिद्दीन के 22 साल के आतंकी बुरहान वानी को 'कश्मीरी नेता' बताना दोनों देशों के संबंधों को और बिगाड़ सकता है। शरीफ के कार्यालय ने कहा, "पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों के हाथों कश्मीरी नेता बुरहान वानी और कई नागरिकों की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया है।'
अमेरिका ने कहा कश्मीर भारत का आंतरिक मामला
अमेरिका ने कहा है कि कश्मीर भारत का एक आंतरिक मामला है और सभी पक्षों को हिज्बुल आतंकी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद कश्मीर घाटी में भड़के तनाव का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास करना चाहिए । अमेरिकी विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा, हमने कश्मीर में भारतीय बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पों की खबरें देखी हैं और हम हिंसा से चिंतित हैं । हम सभी पक्षों को शांतिपूर्ण समाधान ढूंढ़ने की दिशा में काम करने को प्रोत्साहित करते हैं । प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका ने इस मुद्दे पर भारत से बात नहीं की है क्योंकि यह भारत का आंतरिक मामला है । उन्होंने कहा, हमने बात नहीं की है । यह भारत सरकार का आंतरिक मामला है ।
कश्मीर के ताज़ा घटनाक्रम पर कैबिनेट कमेटी की बैठक
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार सुबह सुबह सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी की बैठक बुलाई है। ग़ौरतलब है कि कश्मीर में हुए एनकाउंटर में बुरहान वानी के मारे जाने के बाद भड़की हिंसा में अब तक 32 से अधिक लोगों की मौत हुई है जबकि करीब 300 घायल हुए हैं। मोदी के अफ्रीका दौरे से लौटने के तुरंत बाद यह बैठक होगी। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री को हिज्बुल के कमांडर बुरहान वानी के मारे जाने से कश्मीर घाटी में हुई हिंसा का ब्योरा दिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में गृहमंत्री, रक्षामंत्री और दूसरे वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
पाक अधिकृत कश्मीर में बुरहान वानी की मौत पर सभा
इस बीच पाक अधिकृत कश्मीर में हिज्बुल के बेस कैंप मुजफ्फराबाद में आतंकी बुरहान वानी की मौत पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस सभा को अंतरराष्ट्रीय आंतकी हाफ़िज सईद और सैयद सलाऊद्दीन ने संबोधित किया। सभा में वानी के समर्थन में पोस्टर भी चिपकाए गए थे। जमात प्रमुख हाफिज सईद ने सार्वजनिक रूप से 'और अधिक बुरहान वानी लाने' की चेतावनी दी। गौरतलब है कि हाफिज को मुंबई हमले सहित भारत में हुई कई आतंकी घटनाओं का मास्टरमाइंड माना जाता है।