श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंपोर में आतंकवादियों ने आज सेना के एक काफिले पर गोलीबारी की। इस हमले में 3 जवान शहीद हुए हैं। हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान जारी है।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने दोपहर में पंपोर नगर के कदलाबाल में सेना के एक काफिले पर गोलियां चलायीं। अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने आसपास के आवासीय क्षेत्रों की घेराबंदी कर दी है और आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए एक तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
पंपोर में इस साल यह दूसरा हमला है। श्रीनगर तथा जम्मू को जोड़ने वाले इस राजमार्ग पर सेना के काफिलों पर कई बार हमले हुए हैं। इस राजमार्ग का इस्तेमाल श्रीनगर में सेना के 15 कोर को आपूर्ति प्रदान करने के लिए होता है। सेना का यह कोर आतंकवाद से मुकाबले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अनंतनाग तथा बारामूला जिलों में अलग-अलग मुठभेड़ में दो आतंकवादियों के मारे जाने के कुछ दिनों बाद यह हमला सामने आया है।