1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली में बदली छाई, UP, MP और बिहार में बारिश से मस्त हालात

दिल्ली में बदली छाई, UP, MP और बिहार में बारिश से मस्त हालात

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 07, 2016 11:53 am IST,  Updated : Jul 07, 2016 11:57 am IST

उत्तर भारत के तमाम राज्यों ने रुक रुक कर हो रही बारिश ने बीते कुछ दिनों से लोगों को तपिश वाली गर्मी और उमस भरे मौसम से राहत दे रखी है। हालांकि दिल्ली में बदली से साथ उमस जैसे हालात नजर आ रहे हैं।

weather- India TV Hindi
weather

नई दिल्ली: उत्तर भारत के तमाम राज्यों ने रुक रुक कर हो रही बारिश ने बीते कुछ दिनों से लोगों को तपिश वाली गर्मी और उमस भरे मौसम से राहत दे रखी है। हालांकि दिल्ली में बदली से साथ उमस जैसे हालात नजर आ रहे हैं। जानिए आज दिल्ली समेत देश के अन्य राज्यो में कैसे रहे मौसम के हालात।  

दिल्ली में सुबह आंशिक बदली छाई

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह उमस के साथ आंशिक बदली छाई रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, "दिनभर आंशिक बदली छाई रहेगी। आज बारिश के कोई आसार नहीं हैं।" आईएमडी के मुताबिक, दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे वातावरण में 79 फीसदी आद्रता दर्ज की गई। दिल्ली में एक दिन पहले यानी बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.5 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मप्र में बारिश का दौर जारी

मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर पिछले दो दिनों से बारिश का दौर जारी है, जिससे गुरुवार को जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान बारिश का क्रम जारी रहने की संभावना जताई है। बीते दो दिनों से राज्य के कई हिस्सों में जारी बारिश से नदी, नालों का जलस्तर बढ़ गया है और जनजीवन प्रभावित हो रहा हैं। बीते 24 घंटों के दौरान भोपाल में 21 मिलीमीटर, ग्वालियर में 39.6 मिलीमीटर, जबलपुर में 88.4 मिलीमीटर, खजुराहो में 114.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भोपाल का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री, इंदौर का 24.4 डिग्री, ग्वालियर का 26.8 डिग्री और जबलपुर का 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उप्र में बादल छाए, गर्मी से राहत

उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के अन्य इलाकों में गुरुवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, जिससे गर्मी से राहत है। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों तक रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान जताया है। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में बादल छाए रहेंगे और बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों तक रुक-रुककर बारिश हो सकती है। उसके बाद एक बार फिर लोगों को गर्मी और उमस से जूझना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है। लखनऊ के अतिरिक्त, गुरुवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, कानपुर का 21.2 डिग्री, गोरखपुर का 23 डिग्री, इलाहाबाद का 24 डिग्री और झांसी का 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार में बादल, हल्की बारिश की संभावना

बिहार में राजधानी पटना और इसके आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार सुबह आंशिक बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राजधानी पटना सहित विभिन्न क्षेत्रों में मध्यम और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार, पटना में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है। राज्य के अन्य शहरों में गया का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री तथा पूर्णिया का 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत