1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बारामूला में सुरक्षा बलों ने 2 आतंकवादियों को किया ढेर, इस साल का आंकड़ा 100 के पार

बारामूला में सुरक्षा बलों ने 2 आतंकवादियों को किया ढेर, इस साल का आंकड़ा 100 के पार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 24, 2021 02:18 pm IST,  Updated : Aug 24, 2021 02:18 pm IST

पुलिस अधिकारी ने कहा कि आतंकवादियों की पहचान और वे किस समूह से जुड़े थे, इसका पता लगाया जा रहा है।

Baramulla, Baramulla Terrorists, Baramulla Terrorists Jammu Kashmir, Baramulla Terrorists Encounter- India TV Hindi
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षा बलों ने एक मुठभेड़ में मंगलवार को 2 अज्ञात आतंकवादियों को ढेर कर दिया। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षा बलों ने एक मुठभेड़ में मंगलवार को 2 अज्ञात आतंकवादियों को ढेर कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने सोमवार देर रात सोपोर के पेठसीर में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि मंगलवार को तड़के आतंकवादियों ने सुरक्षा बल पर गोलीबारी की जिससे मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 2 आतंकवादी मारे गए हैं।

‘अभी नहीं हुई है आतंकियों की पहचान’

अधिकारी ने कहा कि आतंकवादियों की पहचान और वे किस समूह से जुड़े थे, इसका पता लगाया जा रहा है। इस बीच, कश्मीर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विजय कुमार ने कहा कि कश्मीर में इस साल 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया गया है। कुमार ने ट्वीट किया कि जम्मू कश्मीर, अन्य सुरक्षा बलों और कश्मीर के लोगों के सामूहिक प्रयास से कश्मीर क्षेत्र में 2021 में अब तक 100 से अधिक आतंकवादियों का सफाया किया गया है।

सोमवार को भी मारे गए थे 2 आतंकी
इससे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोमवार को एक त्वरित अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के एक छद्म संगठन 'द रेसिस्टेंस फोर्स (TRF)' के 2 शीर्ष कमांडरों को मार गिराया। ये शहर में कई लोगों की हत्या और युवाओं को हथियार उठाने के लिए गुमराह करने में शामिल थे। सबसे लंबे समय तक सक्रिय आतंकवादियों में से एक तथा TRF का प्रमुख अब्बास शेख और उसका सहयोगी (डिप्टी) शाकिब मंजूर शहर के अलोची बाग इलाके में पुलिस के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ में मारे गए।

इलाके के लोग आतंकियों से थे परेशान
कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया, ‘हमें इलाके में उनकी मौजूदगी की जानकारी थी। सादी वर्दी में पुलिस के जवानों ने तत्काल इलाके को घेर लिया और आतंकियों को ललकारा, जिन्होंने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाई और ये दोनों मारे गए। अब्बास शेख के इशारे पर शाकिब मंजूर ने कई हत्याएं की थीं। उन्होंने इलाके में आतंक मचाया हुआ था।’ इलाके के लोग इनसे परेशान हो चुके थे क्योंकि ये दोनों युवाओं को हथियार उठाने के लिए गुमराह कर रहे थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत