1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. डिग्री में पिता का नाम वैकल्पिक बनाने की योजना पर काम करेगा UGC

डिग्री में पिता का नाम वैकल्पिक बनाने की योजना पर काम करेगा UGC

 Written By: Bhasha
 Published : May 30, 2017 08:29 pm IST,  Updated : May 30, 2017 08:29 pm IST

डिग्री में पिता का नाम लिखने को वैकल्पिक बनाने के महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी के सुझावों को एचआरडी मंत्रालय की सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद अब विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) इस प्रस्ताव पर जल्द काम शुरू करेगा।

ugc- India TV Hindi
ugc

नई दिल्ली: डिग्री में पिता का नाम लिखने को वैकल्पिक बनाने के महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी के सुझावों को एचआरडी मंत्रालय की सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद अब विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) इस प्रस्ताव पर जल्द काम शुरू करेगा।

केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा, हम इस विचार से सहमत हैं। कोई छात्र अपनी मां का नाम लिखना चाहता हैं अथवा पिता का यह उसकी पसंद पर निर्भर होना चाहिए। उन्होंने कहा, हमें यह अवधारणा पसंद आई और हमें इसमें कोई आपत्ति नहीं है। यूजीसी शीघ्र ही इसपर काम करेगा।

मेनका ने अकेले दम बच्चों का पालन पोषण करने वाली माताओं की चिंताओं को उठाते हुए जावडेकर को पिछले माह एक पत्र लिख कर उस नियम को बदलने की मांग की थी जिसके तहत छात्र के डिग्री प्रमाणपत्र में पिता का नाम लिखना अनिवार्य है।

मेनका ने अपने पत्र में लिखा, ऐसी बहुत सी महिलाओं ने मुझसे संपर्क किया है जो अपने पति से अलग हो चुकी हैं और उन्हें पिता के नाम के बिना अपने बच्चों के लिए डिग्री प्रमाणपत्र पाने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने इसे आगे समझाते हुए कहा कि विवाह का टूटना अथवा पति पत्नी के बीच अलगाव अब एक हकीकत है और नियमों में भी यह दिखना चाहिए। पत्र में कहा गया, अकेली अथवा अलग हो चुकी माताओं की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए हमें नियमों अथवा दिशानिर्देशों में बदलाव करके इस संबंध में एक प्रावधान लाने की जरूरत है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष मेनका की ही पहल पर विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट आवेदन के नियमों में बदलाव करते हुए घोषणा की थी कि आवेदन में केवल एक ही अभिभावक का नाम काफी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत