नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर उर्जित पटेल को RBI का नया गवर्नर नियुक्त कर दिया गया है। वो रघुराम राजन की जिम्मेदारी संभालेंगे। रघुराम राजन का कार्यकाल खत्म होने और उनके इस्तीफे के बाद से ही नए आरबीआई गवर्नर के नाम पर कशमकश जारी थी। आपको बता दें कि आरबीआई के गवर्नर बनने की रेस में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की चेयरमैन अरूंधती भट्टाचार्या, भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यम और आरबीआई के डिप्टी गवर्नर उर्जित पटेल कई नाम सामने आ रहे थे, लेकिन इन सबों में उर्जित का नाम सबसे आगे बताया जा रहा था।
कौन हैं उर्जित पटेल:
पटेल जानेमाने अर्थशास्त्री, बैंकर और सलाहकार हैं। पटेल ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से एम. फिल हैं और उन्होंने येल युनिवर्सिटी से पीएचडी किया है। आपको बता दें कि आरबीआई के डिप्टी गवर्नर उर्जित पटेल को इसी साल जनवरी में तीन साल के लिए फिर से नियुक्त किया गया था। उर्जित साल 2013 से ही आरबीआई से जुड़े हुए हैं। फिलहाल सरकार ने उन्हें मौद्रिक नीति का जिम्मा दे रखा है। वो रघुराम राजन से पहले ही आरबीआई से जुड़ चुके थे। दिलचस्प बात यह है कि उर्जित वाशिंगटन में आईएमएफ में राजन के साथ भी काम कर चुके हैं। जानकारों के मुताबिक वो रघुराम राजन के खास और करीबी भी बताए जाते हैं।
4 सितंबर को खत्म हो रहा है राजन का कार्यकाल:
इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे नए गवर्नर के बारे में घोषणा सरकार समय से काफी पहले कर देगी। चयन की प्रक्रिया राजन को दूसरा कार्यकाल देने की संभावनाओं के खारिज होने के बाद से ही शुरु कर दी गई थी। आपको बता दें कि रघुराम राजन का कार्यकाल इसी साल 4 सितंबर को समाप्त हो रहा है।