1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Report: उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, कश्मीर के मौसम का हाल

Weather Report: उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, कश्मीर के मौसम का हाल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 17, 2021 04:57 pm IST,  Updated : Jan 17, 2021 04:57 pm IST

पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में रविवार को भी सर्दी का प्रकोप जारी रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हरियाणा के नरनौल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है जहां पर न्यूनतम तामपान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम 2.5 डिग्री दर्ज किया गया।

Weather Report: उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, कश्मीर के मौसम का हाल- India TV Hindi
Weather Report: उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, कश्मीर के मौसम का हाल Image Source : PTI

चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में रविवार को भी सर्दी का प्रकोप जारी रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हरियाणा के नरनौल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है जहां पर न्यूनतम तामपान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम 2.5 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के हिसार जिले में भी शनिवार-रविवार की दरमियानी रात कड़ाके की सर्दी पड़ी, यहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम है। 

इसी प्रकार सिरसा, भिवानी और रोहतक में न्यूनतम तापमान क्रमश: चार डिग्री, 4.7 डिग्री और 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं फरीदकोट और गुरदासपुर में भी सामान्य से कम तापमान रहा जहां पर क्रमश: 5.5 डिग्री और सात डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, पठानकोट और आदमपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.3 डिग्री, 7.6 डिग्री, 7.4 डिग्री, 8.6 डिग्री और 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गत कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान छह से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है।

पढ़ें- Weather forecast: भीषण ठंड, शीतलहर, बर्फबारी और बारिश; जानें कई दिनों के मौसम का हाल

पढ़ें- कांग्रेस अध्यक्ष पीयूष कांति बिस्वास पर हमला, अस्पताल में भर्ती कराएं गए

उत्तर प्रदेश का हाल

उत्तर प्रदेश में रविवार को मौसम शुष्क रहा और कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अलग-अलग स्थानों पर मौसम सर्द होने के साथ ही कोहरे की स्थिति बनी है। राज्य की राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रयागराज का न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर में 12.3 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी में 10.4 डिग्री सेल्सियस, झांसी में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस, कानपुर में 6.6 डिग्री सेल्सियस और आगरा में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

सोनभद्र जिले का चुर्क प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के मुताबिक 18 जनवरी को कुछ स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। विभाग ने 18 जनवरी को राज्य के कुछ स्थानों पर मौसम अत्‍यंत सर्द होने का पूर्वानुमान लगाया है। प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर 19 जनवरी और 20 जनवरी को भी कोहरा पड़ने की भविष्यवाणी की गई है।

पढ़ें- आज 8 नई ट्रेनें चलाई गई, जानिए रूट-टाइमिंग समेत पूरी डिटेल

पढ़ें- योगी आदित्यनाथ के खिलाफ की थी आपत्तिजनक टिप्पणी, आरोपी के साथ जानें क्या हुआ?

कश्मीर में शीतलहर का प्रकोप जारी

कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि के बाद भी रविवार को शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। मौसम विभाग ने यहां कहा कि 22 जनवरी के बाद कुछ दिन के लिये पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर को प्रभावित कर सकता है, जिससे केन्द्र शासित प्रदेश में बर्फबारी और बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि कश्मीर में रात के तापमान में थोड़ी वृद्धि हुई लेकिन यह जमाव बिंदू से कई डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। 

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जो उससे पिछली रात के तापमान माइनस 8.2 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण कश्मीर में स्थित पहलगाम का न्यूनतम तापमान शून्य से 8.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। उससे पिछली रात पहलगाम का तापमान माइनस 9.4 डिग्री सेल्सियस था। विभाग ने कहा कि गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। शुक्रवार रात को यहां तापमान माइनस 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। काजीगुंड जम्मू-कश्मीर का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नौ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। विभाग ने कहा कि प्रसिद्ध डल झील समेत विभिन्न जलायश जम गए हैं।

पढ़ें- नहीं मानी बात तो होगा बड़ा नुकसान, परिवहन मंत्रालय ने ट्वीट कर दी जानकारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत