गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में सैदपुर के टाउन नेशनल इंटर कालेज में 12 जुलाई को कैबिनेट मंत्री शिवपाल की सभा में आत्मदाह की कोशिश करने वाले युवक की शनिवार को मौत हो गई। उसका उपचार वाराणसी में चल रहा था। नंदगंज के शोहरी गांव के सत्येंद्र बिंद के खिलाफ गांव के कोटेदार व ग्राम प्रधान ने छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में सत्येंद्र गिरफ्तार हुआ और जमानत पर छूटा था।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मृतक के परिवार को आर्थिक मदद देने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सत्येंद्र बिंद के परिवार वालों ने बताया कि सरकारी प्रक्रिया पूरी कर सत्येंद्र के शव को पैतृक गांव शोहरी लाया जाएगा। इसके बाद अंतिम संस्कार होगा।