केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नकली खाद-बीज की समस्या से किसानों को निजात दिलाने के लिए बड़ा फैसला किया है। उन्होंने कहा है कि नकली खाद-बीज बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसानों की मदद के लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया हुआ है। इस नंबर पर शिकायत कर किसान मदद प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के एक्स हैंडल से शिवराज सिंह का वीडियो शेयर किया गया है। इस वीडियो में वह साफ तौर पर कहते नजर आ रहे हैं कि सरकार की तरफ से खाद-बीज बनाने वाली कंपनियों को काफी छूट दी जा चुकी है। अब सरकार ने सभी कंपनियों के लिए लाइसेंस और सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य कर दिया है। वीडियो में शिवराज सिंह यह भी कहते हैं कि किसान टोल फ्री नंबर पर शिकायत कर मदद ले सकते हैं।
कृषि मंत्रालय का पोस्ट
शिवराज सिंह चौहान का वीडियो शेयर करते हुए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के एक्स पोस्ट में लिखा गया “कंपनियां बंद हो जाएं तो हो जाएं, पर किसान को बर्बाद नहीं होने देंगे!” केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नकली खाद-बीज या कीटनाशकों के उत्पादन एवं बिक्री को लेकर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। किसान भाइयों एवं बहनों यदि आपको नकली खाद-बीज या कीटनाशकों से संबंधित कोई भी जानकारी मिले तो किसान कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1800-180-1551 पर तुरंत साझा करें।"
सोयाबीन के बीज में गड़बड़ी
शिवराज सिंह चौहान कुछ दिन पहले ही विदिशा में कुछ किसानों से मिले थे। किसानों से मिलने के साथ ही शिवराज सिंह उनके खेतों में भी गए थे और जमीन से बीज निकालकर देखा था। इसके बाद उन्होंने कहा था कि कई किसानों के खेतों में बीज अंकुरित नहीं हुए हैं और खराब बीज बेचने वाले दोषी दुकानदारों/कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, बाद में सामने आया कि बीज खुद किसान का था, जो उसने पिछले साल से बचाकर रखा था। वही बीज कुछ खेतों में अंकुरित हुए, लेकिन दूसरे में नहीं हुए। इसके बाद से शिवराज सिंह ने नकली बीज और खाद बेचने वालों के खिलाफ नकेल कसी है।
यह भी पढ़ें-
प्रतापगढ़: 20 करोड़ की ऑनलाइन ठगी का खुलासा, तीन साइबर ठग गिरफ्तार, 16 राज्यों में फैला था नेटवर्क
रिटायर्ड साइंटिस्ट को डिजिटल अरेस्ट कर ठगे 1.29 करोड़, गिरोह के दो और सदस्य गिरफ्तार