Thursday, March 12, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लालू, राबड़ी और तेजस्वी यादव के खिलाफ केस चलाने के लिए पर्याप्त सबूत, CBI ने कोर्ट के सामने दी दलील

लालू, राबड़ी और तेजस्वी यादव के खिलाफ केस चलाने के लिए पर्याप्त सबूत, CBI ने कोर्ट के सामने दी दलील

Edited By: Dhyanendra Chauhan @dhyanendraj Published : Feb 28, 2025 11:15 pm IST, Updated : Feb 28, 2025 11:20 pm IST

आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) में भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई ने दिल्ली की एक कोर्ट में ये दलीले दी हैं।

लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव

लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ने वाली हैं। लालू के साथ ही अब उनके परिवार पर भी सीबीआई का शिकंजा है। सीबीआई ने शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत से कहा कि भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) में अनियमितताओं से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी, बेटे और अन्य के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत हैं।

राबड़ी और तेजस्वी के खिलाफ भी सबूत 

सीबीआई ने यह दलील विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने के समक्ष दी, जिन्होंने लालू प्रसाद, उनकी पत्नी एवं बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बेटे एवं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव तथा अन्य के खिलाफ मामले में आरोपों पर दलीलें सुनना शुरू किया। 

आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार का मामला

मामले में लगाए गए आरोपों में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार शामिल हैं, जिसके लिए अधिकतम सात साल की जेल की सजा हो सकती है। अदालत ने कहा, ‘आरोप के पहलू पर सीबीआई की ओर से आंशिक दलीलें सुन ली गई हैं। सीबीआई की ओर से आगे की दलीलें पेश करने के लिए एक मार्च, 2024 की तिथि निर्धारित की जाती है।’ 

अदालत ने सीबीआई को दिया निर्देश

अदालत ने सीबीआई को मामले में दस्तावेजों की सूची पेश करने का निर्देश भी दिया। अदालत ने यह आदेश तीन आरोपियों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मनिंदर सिंह द्वारा दायर एक याचिका पर दिया। आरोपी फिलहाल जमानत पर हैं। यह मामला दो आईआरसीटीसी होटलों के संचालन के ठेके एक निजी कंपनी को दिए जाने में कथित अनियमितताओं से उपजा है। 

2004 से 2014 के बीच रची गई साजिश

सीबीआई के आरोपपत्र के अनुसार, 2004 से 2014 के बीच एक साजिश रची गई थी, जिसके तहत पुरी और रांची में स्थित भारतीय रेलवे के बीएनआर होटलों को पहले आईआरसीटीसी को हस्तांतरित किया गया और बाद में इन्हें इसके संचालन, रखरखाव के लिए सुजाता होटल्स प्राइवेट लिमिटेड को पट्टे पर दे दिया गया। 

निविदा प्रक्रिया में धांधली और हेरफेर

एजेंसी ने आरोप लगाया कि निविदा प्रक्रिया में धांधली और हेरफेर किया गया था और सुजाता होटल्स की मदद करने के लिए शर्तों में फेरबदल किया गया। आरोपपत्र में आईआरसीटीसी के तत्कालीन समूह महाप्रबंधकों वी के अस्थाना और आर के गोयल तथा विजय कोचर एवं विनय कोचर, दोनों सुजाता होटल के निदेशक एवं चाणक्य होटल के मालिक के नाम हैं। डिलाइट मार्केटिंग कंपनी, जिसे अब लारा प्रोजेक्ट्स के नाम से जाना जाता है, और सुजाता होटल्स प्राइवेट लिमिटेड को भी आरोपपत्र में आरोपी कंपनी के तौर पर नामजद किया गया है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement