आप क्या खा रहे हैं इसका सीधे तौर पर आपके स्वास्थ्य पर असर पड़ता है। लेकिन आप इसे कैसे खा रहे हैं इससे फायदे और नुकसान कम ज्यादा हो सकते हैं। ऐसा ही फल है केला, जो सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। रोजाना 1-2 केला खाना हेल्दी माना जाता है। केले में कई जरूरी पोषक तत् पाए जाते हैं जो शरीर के लिए अच्छे माने जाते हैं। लेकिन ज्यादातर लोग केला खाते वक्त कुछ ऐसी गलतियां कर जाते हैं जिससे फायदे की बजाय उल्टा थोड़ा नुकसान हो सकता है। जानिए केला खाने का सही तरीका क्या है और केला खाते वक्त कौन सी गलतियां नहीं करनी चाहिए।
केला खाते वक्त लोग करते हैं ये गलतियां
कच्चे या ज्यादा पके केले खाना- केला खाते वक्त ध्यान देना चाहिए कि केला कितना पका है। ये जानना चाहिए कि केला किस अवस्था में खाया जाता है। इससे शरीर उसके पोषक तत्वों को कैसे पचाता और अवशोषित करता ये तय होता है। सबसे पहले बहुत ज्यादा पके या बहुत कम पके केले खाने से बचना चाहिए। आपको हरे या बहुत सख्त केले खाने से बचना चाहिए। कच्चे फलों में प्रतिरोधी स्टार्च की मात्रा अधिक होती है। प्रतिरोधी स्टार्च एक प्रीबायोटिक है, लेकिन संवेदनशील लोगों को अक्सर इससे पेट फूलने और गैस की समस्या हो जाती है क्योंकि उनके पेट को इसे पचाने में परेशानी होती है। इसलिए कच्चा केला खाने से बचें। वहीं ज्यादा पका केला, अधिक काले या दागदार केले खाने से बचना चाहिए। बहुत पके केलों में सिंपल शुगर की मात्रा अधिक होती है, जिससे आपका ब्लड शुगर तेजी से बढ़ता है और फिर बाद में गिर जाता है।
खाली पेट केला खाना- आपको लग सकता है कि सुबह सबसे पहले केला खाने से आपके दिन की पौष्टिक शुरुआत होती है, लेकिन यह हमेशा सच नहीं होता। दरअसल, केले में मौजूद पोटेशियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व ही खाली पेट खाने पर केले को बेअसर कर सकते हैं। जब आप केले में पाए जाने वाले मैग्नीशियम और पोटेशियम का सेवन बिना किसी अन्य पोषक तत्व के खाली पेट करते हैं, तो कभी-कभी इससे ब्लड फ्लो में मिनरल्स का बैलेंस बिगड़ जाता है। इससे आपको सुस्ती महसूस हो सकती है और आपका पेट भी खराब हो सकता है।
केला खाने का सही तरीका क्या है?
केला खाने का सबसे अच्छा समय जानना चाहते हैं तो जब केले का छिलका चमकीला पीला हो और उस पर कुछ ही भूरे धब्बे हों तो केला सबसे ज्यादा पौष्टिकता वाला होता है। केले को अकेले खाने के बजाय दूसरी चीजों के साथ मिलाकर खाना अच्छा होता है। अन्य पोषक तत्वों के मिश्रण के साथ केला खाने से पाचन क्रिया बेहतर होती है। आप 1 चम्मच नट बटर के साथ केला खा सकते हैं। इसके अलावा ग्रीक योगर्ट के साथ केला खाने से चीनी का अवशोषण धीमा हो जाता है। इससे एनर्जी मिलती है और पाचन तंत्र केला को अच्छी तरह से पचा लेता है।