नवरात्रि में पूरे 9 दिन माता को अलग-अलग चीजों से भोग लगाया जाता है। नवरात्रि के पांचवें दिन स्कंदमाता को केले का भोग चढ़ाया जाता है। कुछ लोग इस दिन खीर का भोग भी माता को चढ़ाते हैं। अगर आप केले से कोई डिश बनाकर माता रानी को भोग लगाना चाहते हैं तो इसके लिए झटपट बन जाने वाला स्वादिष्ट केले का रायता अच्छा ऑप्शन है। केले का रायता बनाने में आसान और खाने में बहुत स्वादिष्ट लगता है। आप इसे व्रत में बनाकर भी खा सकते हैं। घर में कोई मेहमान आएं तो स्वीट डिश की तरह केले के रायता सर्व कर सकते हैं। केले का रायता पेट को ठंडा रखता है। अगर आपके घर में भी केले रखे हैं तो आप इससे स्वादिष्ट केले का रायता बनाकर खा सकते हैं।
केले का रायता बनाने के लिए सामग्री
- 1 बाउल फ्रेश दही
- 2-3 मीडियम पके केले
- 4 बड़े स्पून चीनी
- 2 बड़े स्पून सूखा नारियल कसा हुआ
- 1 बड़ा स्पून चिरौंजी
- 1 कप रोस्टेड मखाने
- 1 स्पून घी
केले का रायता बनाने की रेसिपी
पहला स्टेप- सबसे पहले दही को अच्छी तरह फेंट लें और इसमें चीनी भी साथ में ही मिक्स कर लें। केले को छीलकर स्लाइस में काट लें और इसे दही में मिक्स कर लें।
दूसरा स्टेप- अब तड़का लगाने के लिए एक पैन में 1 चम्मच घी डालें और उसमें चिरौंजी डालकर हल्का भून लें। चिरौंजी के हल्का ब्राउन होने पर घी में कसा हुआ नारियल डाल दें। अब इसे तड़के की तरह दही और केले के मिक्स रायते में डाल दें।
तीसरा स्टेप- दही में थोड़ी पिसी हुई इलाइची डाल भी मिक्स कर लें इससे स्वाद बढ़ जाएगा। एक पैन में घी डालकर थोड़े मखाने भी भून लें और रायते में मिक्स कर दें। रायते में एक पिंच सेंधा नमक और 1 पिंच काली मिर्च का पाउडर डाल दें।
चौथा स्टेप- गार्निशिंग के लिये रायते में 4-5 किशमिश या काजू काटकर ऊपर से डाल दें। अगर आपको क्रंची मखाने का स्वाद पसंद हैं तो रायता सर्व करते वक्त थोड़े मखाने ऊपर से डाल दें। इस केले को भोग में चढ़ाएं और फिर बाद में खुद भी खाएं।