अगर आपने भी नवरात्रि का व्रत रखा है और कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन कर रहा है, तो फलाहारी चाट एक बेहतरीन विकल्प है। आलू, राजगिरा आटा, दही और हरी चटनी से बनने वाली यह चाट खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती है। इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की भी जरूरत नहीं है। आप घर पर आसानी से इस फलाहारी चाट को तैयार कर सकते हैं। चलिए जानते हैं इसे बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और क्या है इसकी आसान रेसिपी।
फलाहारी चाट के लिए सामग्री
-
कच्चे आलू 4, राजगिरा आटा 4 बड़े चम्मच, सेंधा नमक आधा चम्मच
-
हरी चटनी के लिए सामग्री:हरी मिर्च 3, अदरक 2 इंच, धनिया पत्ती आधा कप, सेंधा नमक, दही 2 बड़े चम्मच
-
गार्निशिंग के लिए सामग्री: दही, हरी चटनी, सेंधा नमक, भुना हुआ जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, अनार, धनिए के पत्ते, फराली चिवड़ा
फलाहारी चाट बनाने की विधि
-
सबसे पहले कच्चे आलू को छीलकर कद्दूकस कर लें। अब इन्हें अच्छी तरह निचोड़कर अतिरिक्त पानी निकाल दें, ताकि चाट कुरकुरी बने। कद्दूकस किए हुए आलू में राजगिरा आटा और सेंधा नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर मिश्रण को बांधने लायक बना लें।
-
अब इस मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्कियां बना लें। एक पैन में थोड़ा घी या व्रत में इस्तेमाल होने वाला तेल गर्म करें और टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। इन्हें अंदर तक अच्छी तरह पकाएं।
-
मिक्सर जार में हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, सेंधा नमक और दही डालें। थोड़ा पानी डालकर सभी चीजों को पीस लें। आपकी चटपटी हरी चटनी तैयार है। अब एक प्लेट में तैयार आलू की टिक्कियां रखें। इनके ऊपर फेंटा हुआ दही और हरी चटनी डालें। स्वाद बढ़ाने के लिए सेंधा नमक, भुना जीरा पाउडर और चाहें तो थोड़ा लाल मिर्च पाउडर छिड़कें।
-
आखिर में अनार के दाने, हरा धनिया और फराली चिवड़ा डालकर सजाएं। आपकी चटपटी फलाहारी चाट तैयार है। इसे तुरंत परोसें और व्रत में इसके लाजवाब स्वाद का आनंद लें। व्रत में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री, खासकर राजगिरा आटा, मसाले और फराली चिवड़ा, अपने व्रत के नियमों के अनुसार ही चुनें।