1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. साबूदाने की खीर से बोर हो चुके हैं तो बनाएं साबूदाना रसमलाई, मुलायम और रसीली, नोट कर लें रेसिपी

साबूदाने की खीर से बोर हो चुके हैं तो बनाएं साबूदाना रसमलाई, मुलायम और रसीली, नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh
 Published : Oct 13, 2026 02:16 pm IST,  Updated : Oct 13, 2026 02:16 pm IST

व्रत में मीठा खाने का मन है तो साबूदाना रसमलाई बनाकर खा सकते हैं। जी हां साबूदाना से बहुत ही स्वादिष्ट रसमलाई बनकर तैयार होती है। आप इसे ठंडा करके खाएंगे तो खाते ही जाएंगे। नोट कर लें साबूदाना रसमलाई की रेसिपी।

साबूदाना रसमलाई रेसिपी- India TV Hindi
साबूदाना रसमलाई रेसिपी Image Source : INDIA TV

व्रत में साबूदाने की खीर बनाकर तो कई बार खाई होगी, लेकिन वही एक जैसा स्वाद कई बार बोर करने लगता है। अगर आप कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो साबूदाना की रसमलाई बनाकर खाएं। साबूदाना रसमलाई खाने में बहुत टेस्टी और बनाने में आसान रेसिपी है। इसका स्वाद नॉर्मल रसमलाई जैसा ही आता है। मुंह में जाते ही घुल जाने वाली ये रसमलाई नवरात्रि के व्रत में मीठे की क्रेविंग को शांत कर सकती हैं। चलिए जानते हैं साबूदाना रसमलाई की रेसिपी।

साबूदाना रसमलाई रेसिपी

पहला स्टेप- रसमलाई बनाने के लिए 3/4 कप साबूदाना यानि करीब 100 ग्राम साबूदाना लेना है। आप मीडियम या छोटे साबूदाना का इस्तेमाल कर सकते हैं। अब साबूदाना को भिगोने का झंझट नहीं लेना, बल्कि इसे कड़ाही में डालकर 4-5 मिनट के लिए धीमी आंच पर भून लें। ध्यान रखें कि साबूदाने का रंग नहीं बदलना चाहिए। सिर्फ नमी निकालने के लिए इसे सेंक रहे हैं। साबूदाना ठंडा हो जाए तो मिक्सी जार में डालें। इसमें 1 बड़ा चम्मच चीनी मिलाएं और बारीक पाउडर जैसा पीसकर तैयार कर लें। अगर मोटे टुकड़े दिखें तो इसे छन्नी से छान लें। अब पिसे हुए साबूदाना में 2 चम्मच मिल्क पाउडर डाल दें। इससे रसमलाई ज्यादा टेस्टी बनेगी।

दूसरा स्टेप- दूसरी ओर दूध में केसर डालकर भिगो दें। अब दूध डालकर आटे की तरह पिसे हुए साबूदाना का डो तैयार कर लें। इसके लिए उबला हुआ ठंडा दूध इस्तेमाल करें। अब तैयार किए हुए साबूदाना के डो से छोटे-छोटे गोले बनाकर तैयार कर लें। हाथ पर थोड़ा घी लगाकर सारी बॉल्स बनाकर रख लें।

तीसरा स्टेप- कड़ाही में 1 लीटर फुल क्रीम दूध लें और उबालने के लिए कड़ाही में रख दें। जब दूध में अच्छा उबाल आने लगे तो तैयार साबूदाना बॉल डाल दें। जब साबूदाना बॉल ऊपर आ जाएं तब तक गैस की फ्लेम हाई रखें। जब साबूदाना बॉल ऊपर आ जाएं तो गैस की फ्लेम एकदम धीमी कर दें। इसे चलाते हुए पकाएं। 5-7 मिनट में साबूदाना बॉल बड़ी हो जाएंगी।

चौथा स्टेप- धीमी आंच पर इसे 15 मिनट पकाएं। अब दूध में 3-4 बड़े चम्मच चीनी, इलायची पाउडर, बारीक कटा पिस्ता बादाम मिलाएं। 5 मिनट सारी चीजों को और पकाएं। दूध को रसमलाई जैसा गाढ़ा होने पर गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें। ठंडा होने पर ऊपर से केसर के धागे और पिस्ता डालकर ठंडी-ठंडी साबूदाना रसमलाई सर्व करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।