1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. दिल्ली स्पेशल चटपटी आलू चाट व्रत में बनाकर खाएं, बिना व्रत वाले भी मांगने लगेंगे, आसान है रेसिपी

दिल्ली स्पेशल चटपटी आलू चाट व्रत में बनाकर खाएं, बिना व्रत वाले भी मांगने लगेंगे, आसान है रेसिपी

 Written By: Bharti Singh
 Published : Oct 13, 2026 06:00 am IST,  Updated : Oct 13, 2026 06:00 am IST

व्रत में चटपटा खाना है तो दिल्ली स्टाइल आलू चाट बनाकर खा सकते हैं। हरी चटनी के साथ क्रिस्पी आलू चाट का स्वाद व्रत वालों को भरपूर स्वाद देगा। फटाफट नोट कर लें स्ट्रीट स्टाइल आलू चाट की रेसिपी।

आलू चाट रेसिपी- India TV Hindi
आलू चाट रेसिपी Image Source : INDIA TV

व्रत में आलू फ्राई खाकर बोर हो चुके हैं तो दिल्ली की गलियों में मिलने वाली क्रंची, चटपटी और स्वादिष्ट आलू चाट बनाकर खाएं। इससे आपको एकदम अलग ही स्वाद मिलेगा। आलू चाट में घी का स्वाद आता है जो इसे और भी मजेदार बना देता है। हरी चटनी के साथ आलू गर्मागरम आलू चाट का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। नोट कर लें फलाहारी आलू चाट की रेसिपी। 

आलू चाट रेसिपी

पहला स्टेप- आलू चाट बनाने के लिए आपको लाल आलू लेने हैं। आप चाहें तो नॉर्मल आलू से भी चाट बना सकते हैं। आलू को अच्छी तरह से छील लें और फिर उसे चाट की तरह हल्के मोटे टुकड़ों में काट लें। अब आलू को ठंडे पानी में डालकर रख दें। अब 10 मिनट के लिए कटे हुए आलू को किसी कड़ाही या पैन में डालकर उबाल लें। उबालते वक्त आलू में थोड़ा नमक डाल दें। अब आलू को पानी से निकाल लें और इसे ठंडा होने पर एक छन्नी में डालकर ऊपर से प्लेट से कवर करके हिलाएं।

दूसरा स्टेप- अब कड़ाही में व्रत में खाए जाने वाला तेल या घी गर्म करें। अब आलू को मीडियम फ्लेम पर डीप फ्राई कर लें और हल्का फ्राई होते ही निकाल लें। तब तक आप इसके लिए हरा धनिया, हरी मिर्च, नींबू, जीरा और सेंधा नमक डालकर चटनी बना लें। चटनी को हरा बनाने के लिए इसमें 1 आइस क्यूब डाल दें। अपने हिसाब से चटपटी चटनी बनाकर तैयार कर लें।

तीसरा स्टेप- अब जो हल्के फ्राई किए हुए आलू हैं उन्हें आपको गोल्डन फ्राई करना है। इसके लिए कड़ाही नहीं बल्कि एक पैन लें। पैन में घी डालें और इसमें आलू को उलट-पुलट करते हुए गोल्डन होने तक फ्राई करें। फ्राई आलू को एक बाउल में डालें। इसमें नमक, भुना जीरा, थोड़ी काली मिर्च और हरी चटनी डालकर मिक्स करें। ऊपर से नींबू डालकर गर्मागरम खाएं।

बिना व्रत वाले इसमें आमचूर पाउडर, चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर भी मिला सकते हैं। इससे एकदम दिल्ली की स्ट्रीट स्टाइल आलू चाट का स्वाद मिलेगा। आप इसे व्रत में बनाकर खाएंगे तो दूसरों का भी खाने का मन करने लगेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।