शादी के बाद से रश्मिका मंदाना के चेहरे पर अलग ही ग्लो आने लगा है। उनकी हंसी पर पति विजय और लाखों फैंस अपना दिल हार बैठते हैं। हाल ही में रश्मिका विजय की जोड़ी हैदराबाद में हुए एक इवेंट में दिखी, जहां वो अपनी आने वाली फिल्म 'रानाबाली' के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे। इस मौके पर रश्मिका आइवरी सिल्क साड़ी और रेड ब्लाउज पहने दिखीं। विजय ने भी रश्मिका के साथ अपने आउटफिट को मैच किया। दोनों की जोड़ी काफी खूबसूरत लग रही थी। अगर आप भी न्यूली वेड कपल हैं तो रश्मिका विजय के इस लुक को कॉपी कर सकते हैं।
आइवरी साड़ी में दिखीं रश्मिका
रश्मिका ने खूबसूरत आइवरी रंग की सिल्क साड़ी पहनी है, जिसके झालरदार किनारों पर गोल्डन धागों की बारीक कढ़ाई की गई है। रश्मिका ने साड़ी को पारंपरिक तरीके से खुला पल्लू लेकर पहना, जिसमें उनका पल्लू कंधे से नीचे जमीन तक लहरा रहा था। साड़ी के साथ उन्होंने डार्क रेड कलर का खूबसूरत ब्लाउज पहना है, जिसके ऊपरी हिस्से और बाजू पर बारीक गोल्डन जरी की कढ़ाई की हई है, जिसकी फुल स्लीव्स वाली चूड़ीदार बाजू लुक को खास बना रही हैं।
चोकर और स्मोकी मेकअप में लगीं हसीन
रश्मिका ने अपने साड़ी लुक को आकर्षक बनाने के लिए गले में सोने का चोकर नेकलेस, मैचिंग झुमके और अंगूठियां पहनी हैं। साड़ी के साथ हेयर स्टाइल में उन्होंने बालों को गुंथे हुए जूड़े में बांधा है। एक्ट्रेस ने ग्लैमरस लुक के लिए स्मोकी आई मेकअप, फेदर्ड आइब्रो, ब्राउन लिपस्टिक, रूज्ड चीक्स और पलकों पर मस्कारा लगाया है। हल्के मेकअप से साड़ी का लुक और उभरकर आ रहा है।
करवाचौथ और दिवाली पर लुक्स को करें कॉपी
इसी साल इस कपल ने शादी की है। रश्मिका की तरह अगर आप भी नई दुल्हन हैं और शादी के बाद पहली दिवाली और करवाचौथ पड़ने वाला है तो इस लुक को कॉपी कर सकती हैं। नई नवेली दुल्हन पर लाल ब्लाउज के साथ और आइवरी शेड की साड़ी काफी खूबसूरत लगेगी। आप अपने पति को साथ में मैचिंग आइवरी या क्रीम कलर का कुर्ता पहना सकती हैं। इसके साथ बंदगला जैकेट जिसे सदरी कहते हैं उससे लुक और भी आकर्षक लगेगा।