1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चलती ट्रेन में हरी झंडी दिखाने के दौरान हादसा, दरवाजे का हैंडल टूटने से नीचे गिरा गार्ड

चलती ट्रेन में हरी झंडी दिखाने के दौरान हादसा, दरवाजे का हैंडल टूटने से नीचे गिरा गार्ड

 Published : Jul 09, 2024 10:00 pm IST,  Updated : Jul 09, 2024 10:00 pm IST

हावड़ा सुपरफास्ट ट्रेन के चालक दल को सामलकोट स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने के बाद अहसास हुआ कि गार्ड नहीं है और दूसरी ट्रेन के अधिकारियों ने भी शिकायत की कि गार्ड ने उन्हें ‘सबकुछ ठीक होने’ का संकेत करने के लिए हरी झंडी नहीं दिखाई।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

भारतीय रेलवे के विजयवाड़ा मंडल में दूसरी दिशा से आ रही रेलगाड़ी को ‘सबकुछ ठीक होने’ का संकेत करने के लिए हरी झंडी दिखाते समय एक ट्रेन का गार्ड उस समय गंभीर रूप से घायल हो गया जब उसके डिब्बे के दरवाजे पर लगा हैंडल टूट गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

जानें, पूरा मामला

दक्षिण मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले विजयवाड़ा मंडल की जनसंपर्क अधिकारी नुसरत मद्रुपकर के मुताबिक घटना 7 जुलाई को तब घटी जब हावड़ा सुरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12864) राजमुंदरी और सामलकोट स्टेशन के बीच थी। उन्होंने कहा, ‘‘संभवतः दरवाजे के हैंडल के जोड़ घिस गए थे जिसकी वजह से यह उस समय टूट गया जब ट्रेन प्रबंधक वाई दुर्गा प्रसाद दूसरी ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए दरवाजे से बाहर झुके थे। सुरक्षा मानदंड के तहत ट्रेन प्रबंधक को दूसरी ट्रेन को यह बताने के लिए हरी झंडी दिखानी होती है कि पीछे के मार्ग पर सब कुछ ठीक है।’’

वेंटिलेटर पर है गार्ड

नुसरत ने बताया कि हावड़ा सुपरफास्ट ट्रेन के चालक दल को सामलकोट स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने के बाद अहसास हुआ कि गार्ड नहीं है और दूसरी ट्रेन के अधिकारियों ने भी शिकायत की कि गार्ड ने उन्हें ‘सबकुछ ठीक होने’ का संकेत करने के लिए हरी झंडी नहीं दिखाई। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया, ‘‘ प्रसाद ने वॉकी-टॉकी पर दिए गए संदेश का भी जवाब नहीं दिया जिसके बाद तलाश अभियान शुरू किया गया और उन्हें रेल पटरी पर बेहोशी की हालत में पाया गया।’’ रेलवे ने बताया कि गार्ड को तत्काल अस्पताल ले जाया गया और इस समय वह जीवनरक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) पर हैं। (भाषा इनपुट्स के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत