1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पहलगाम आतंकी हमले के मामले में बड़ा एक्शन, कोर्ट ने आतंकी हाफिज सईद के खिलाफ जारी किया सख्त आदेश

पहलगाम आतंकी हमले के मामले में बड़ा एक्शन, कोर्ट ने आतंकी हाफिज सईद के खिलाफ जारी किया सख्त आदेश

 Reported By: Kumar Sonu Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jul 14, 2026 10:06 am IST,  Updated : Jul 14, 2026 10:29 am IST

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है। जम्मू की एक अदालत ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद के खिलाफ सख्त आदेश जारी किया है।

LeT chief Hafiz Saeed Pahalgam terror attack- India TV Hindi
आतंकी हाफिज सईद के खिलाफ कड़ा एक्शन। (फाइल फोटो) Image Source : AP

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बीते साल हुए आतंकी हमले के मामले में बड़ा कानूनी एक्शन लिया गया है। इस मामले में लश्कर-ए-तैयबा सरगना हाफिज सईद के खिलाफ अदालत ने गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया है। जानकारी के मुताबिक, NIA की याचिका पर जम्मू की अदालत ने ये वारंट जारी किया है। याचिका में हाफिज सईद को पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड बताया गया है। बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले में 26 नागरिकों की मौत हुई थी।

भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू होगी

एनआईए ने 10 जुलाई को दाखिल की गई सप्लीमेंट्री चार्जशीट में हाफिज सईद को पहलगाम आतंकी हमले के मामले में आरोपी बनाया है अदालत के आदेश के बाद हाफिज सईद के खिलाफ गैरमौजूदगी में मुकदमा (Trial in Absentia) चलाने का रास्ता साफ हो गया है। एनआईए ने अदालत को बता दिया है कि हाफिज सईद इस वक्त पाकिस्तान में मौजूद है और उसे भारत लाना फिलहाल संभव नहीं है। नए आपराधिक कानूनों के तहत फरार आरोपी के खिलाफ गैरमौजूदगी में ट्रायल का प्रावधान किया गया है। अब हाफिज सईद को भगोड़ा घोषित करने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

पाकिस्तान में रची गई थी आतंकी हमले की साजिश

एनआईए के मुताबिक, पहलगाम हमले की साजिश पाकिस्तान में रची गई थी। जांच एजेंसी के मुताबिक, साजिश में हाफिज सईद की अहम भूमिका रही। एनआईए ने कहा है कि पाकिस्तान से प्रत्यर्पण की सभी कानूनी संभावनाएं लगभग खत्म हो चुकी हैं। एनआईए की ओर से दायर की गई पहली चार्जशीट में तीन पाकिस्तानी आतंकी सुलेमान, जिब्रान और हमजा अफगानी को आरोपी बनाया गया था। लश्कर के पाकिस्तानी आतंकी साजिद सैफुल्ला जट्ट का नाम भी चार्जशीट में आरोपी के तौर पर रखा गया है। पहलगाम के बशीर अहमद और परवेज अहमद को भी आरोपी बनाया गया है।

पहलगाम हमले के बारे में जानिए

आपको बता दें कि पाकिस्तानी आतंकवादियों ने 22 अप्रैल, 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले को अंजाम दिया था। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे जिनमें ज्यादातार पर्यटक थे। दर्दनाक बात ये भी थी कि आतंकियों ने लोगों से उनका धर्म पूछा और फिर उनकी हत्या कर दी थी। इस हमले के बाद देश भर में आक्रोश की लहर देखी गई। इस घटना के जवाब में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम से जवाबी सैन्य अभियान चलाया था। इस कार्रवाई में भारत की सेनाओं ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद सैन्य और आतंकी ढांचे को ध्वस्त कर दिया था। इस कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के गढ़ सहित नौ आतंकी ठिकाने तबाह हो गए। इसके अलावा पाकिस्तान के दर्जनभर एयरबेस भी तबाह कर दिए। 

ये भी पढ़ें- पहलगाम आतंकी हमला: NIA की चार्जशीट में बड़ा खुलासा, टूरिस्ट गाइड चाहते तो बच सकती थी 26 लोगों की जान, 'लंगड़ा' ही निकला मास्टरमाइंड

"ऑपरेशन सिंदूर" ने कैसे तोड़ा था पाकिस्तान का गुरूर, तबाह कर दिए थे 11 सैन्य बेस; आतंक पर Indian Army का घातक प्रहार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत